अपना नालंदा संवाददाता
हिलसा। भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल हिलसा द्वारा वरुण तल स्थित भाजपा कार्यालय में पार्टी का 46 वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। नगर अध्यक्ष मंजय कुमार चंद्रवंशी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने ढोल-बाजे के साथ जश्न मनाते हुए पार्टी के ध्वज का विधिवत रूप से फहराया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी के अब तक के संघर्ष और विकास यात्रा पर विस्तृत चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि भाजपा वह पार्टी है जिसके लिए राष्ट्र हमेशा सर्वोपरि रहा है। “एक भारत-श्रेष्ठ भारत” की संकल्पना इसी विचारधारा का प्रतिबिंब है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि जब जनसंघ की स्थापना हुई थी, तब न अनुभव था, न संसाधन, लेकिन मातृभूमि के प्रति अटूट भक्ति और लोकतंत्र में विश्वास की ताकत ने इसे आगे बढ़ाया। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा न केवल भारत की, बल्कि विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बन चुकी है। साथ ही देश भी हर क्षेत्र में लगातार सशक्त हो रहा है।
भाजपा नेता पवन प्रकाश ने भी अपने संबोधन में पूर्व वक्ताओं की बातों का समर्थन करते हुए कहा कि आज पूरा विश्व भारत के नेतृत्व को स्वीकार कर रहा है।
कार्यक्रम को गौरव प्रकाश, संजय सागर, और लक्ष्मण कुमार ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में नगर मंडल के प्रमुख कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी जैसे—ग्रामीण पूर्वी मंडल अध्यक्ष आशुतोष कुमार, अभिनव कौशल, विकास कुमार, उदित नारायण, रजनीश रंजन, अभयनंद कुमार, कुंदन वर्मा, नीतिश गुप्ता, पोलिंद्र चौधरी, साहिल कुमार सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कार्यक्रम राष्ट्रभक्ति, संगठन की मजबूती और सेवा भाव के संकल्पों के साथ संपन्न हुआ।




