विजय प्रकाश उर्फ पिंनु
नूरसराय (अपना नालंदा)। रामनवमी पर्व के अवसर पर क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से शनिवार को नूरसराय प्रशासन की ओर से फ्लैग मार्च निकाला गया। इस फ्लैग मार्च का नेतृत्व डीएसपी संजय जयसवाल ने किया।
फ्लैग मार्च नूरसराय थाना से प्रारंभ होकर नूरसराय बाजार, दयानगर, हिलसा रोड होते हुए अंधना मस्जिद तक गया। इस दौरान रास्ते में आम लोगों से संवाद कर प्रशासन ने त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने का संदेश दिया।
इस फ्लैग मार्च में प्रखंड विकास पदाधिकारी जियाउल हक, अंचलाधिकारी दीपक कुमार तथा थानाध्यक्ष रजनीश कुमार राय सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल शामिल रहा।
डीएसपी संजय जयसवाल ने बताया कि रामनवमी का त्योहार आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाया जाए, यह हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि बिना अनुमति के किसी भी प्रकार का जुलूस या आयोजन नहीं किया जाएगा। इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए यह फ्लैग मार्च निकाला गया।
प्रशासन ने संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी की व्यवस्था की है। सभी थाना क्षेत्रों को अलर्ट पर रखा गया है और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी भी स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।




