अपना नालंदा संवाददाता
इस्लामपुर। इस्लामपुर थाना क्षेत्र में दंपति से लूट और महिला के साथ दुष्कर्म मामले में फरार चल रहे कुख्यात अपराधी सौदागर बिंद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे बांध रसलपुर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय से एक लोडेड देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस के साथ पकड़ा गया। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए विद्यालय की छत से कूदकर भागने की कोशिश कर रहा था, जिसमें वह घायल हो गया। उसे पुलिस निगरानी में इस्लामपुर सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
इस संबंध में हिलसा- 2 इस्लामपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गोपाल कृष्णा ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 30 मार्च को विशुनपुर गांव के पास एक महिला अपने पति के साथ बाइक से जा रही थी, तभी दो अपराधियों ने हथियार के बल पर उन्हें रोका और 50,990 रुपये नगद, सोने के गहने व मंगलसूत्र लूट लिए। इसके बाद दोनों ने महिला के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी कौशलेंद्र उर्फ सन्नी कुमार (निवासी शोभा विगहा) को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि दूसरा आरोपी सौदागर बिंद (निवासी वेशवक ) फरार हो गया था।
पुलिस अधीक्षक भारत सोनी के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित कर लगातार छापेमारी की जा रही थी। शनिवार सुबह गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने डीएसपी गोपाल कृष्णा के नेतृत्व में विद्यालय को घेर लिया और आरोपी को गिरफ्तार किया। डीएसपी ने बताया कि सौदागर बिंद नालंदा के टॉप-10 वांछित अपराधियों में शामिल है और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट के तहत कुल 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इस ऑपरेशन में डीएसपी गोपाल कृष्णा, थाना अध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय, पुलिस निरीक्षक संजय पासवान, पुअनि हरिनंदन कुमार, पुअनि तौकिर खान सहित इस्लामपुर थाना के अन्य पुलिस बल शामिल थे।




