अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 44 वें स्थापना दिवस (6 अप्रैल) को भव्य रूप से मनाने के लिए भाजपा जिला कार्यालय में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष ई. रविशंकर प्रसाद सिंह ने की, जबकि पूर्व प्रदेश मंत्री पूनम शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। बैठक का संचालन जिला महामंत्री शैलेन्द्र कुमार ने किया।
बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूनम शर्मा ने कहा कि भाजपा एकमात्र ऐसी राजनीतिक पार्टी है, जहां कार्यकर्ताओं को समान अवसर और सम्मान मिलता है। उन्होंने कहा कि 6 अप्रैल 1980 को भाजपा की स्थापना हुई थी और यह दिन देश के लिए महत्वपूर्ण है।
इस वर्ष भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव (रामनवमी) और भाजपा स्थापना दिवस का एक साथ होना शुभ संकेत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस दिन को उत्सव की तरह मनाने, अपने-अपने घरों पर भाजपा का झंडा लगाने और उसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा करने की अपील की।
पूनम शर्मा ने कहा कि 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती को भी हर मंडल एवं बूथ स्तर पर सम्मानपूर्वक मनाया जाना चाहिए।
बैठक में आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा करते हुए जिलाध्यक्ष ई. रविशंकर प्रसाद सिंह ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाने में सभी कार्यकर्ताओं को अपना महत्वपूर्ण योगदान देना चाहिए।
बैठक में जिला महामंत्री अविनाश प्रसाद सिंह, शैलेन्द्र कुमार, रीना कुमारी, जिला उपाध्यक्ष श्याम किशोर प्रसाद सिंह, जिला मंत्री साबो देवी, डॉ. अशुतोष कुमार, रंजू कुमारी, उपेंद्र राजवंशी, अनुग्रह नारायण, जिला मीडिया सह प्रभारी अमरेश कुमार, महिला
मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रज्ञा भारती, अनुसूचित जाति मोर्चा जिलाध्यक्ष मुन्ना पासवान, सन्नी पटेल, राजाराम, मंडल अध्यक्ष मुकेश कुमार, अभयानंद पाण्डेय, अविनाश कुमार गुड्डू, मंजय चंद्रवंशी, धर्मेंद्र कुमार धुरी, वीरेंद्र कुमार और सोशल मीडिया संयोजक शीतेश गुंजन सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में स्थानीय स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत करने, केंद्र एवं राज्य सरकार की नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक ले जाने पर विशेष चर्चा की गई।