अजीत कुमार
जहानाबाद(अपना नालंदा)।दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आमजनों में सुरक्षा का विश्वास कायम करने के उद्देश्य से शनिवार, 17 अक्टूबर 2026 को जहानाबाद जिले में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया। जिला पदाधिकारी श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया एवं पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार के संयुक्त नेतृत्व में निकाले गए इस फ्लैग मार्च के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। इस दौरान अधिकारियों ने विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों एवं प्रतिमा स्थलों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं का आकलन किया।
फ्लैग मार्च में लगभग 25 वाहनों का काफिला शामिल रहा। प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक भ्रमण कर दुर्गा पूजा के दौरान शांति, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।
फ्लैग मार्च समाहरणालय, जहानाबाद से प्रारंभ हुआ। इसके बाद अंबेडकर चौक, बत्तीस भंवरिया, अस्पताल मोड़, अरवल मोड़ एवं काको मोड़ होते हुए काको प्रखंड कार्यालय तक पहुंचा। इसके उपरांत अधिकारियों एवं पुलिस बल की टीम ने पुनः गांधी मैदान, जहानाबाद, अंबेडकर चौक, कारगिल चौक, टेहटा बाजार और मखदुमपुर बाजार सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं क्षेत्रों का भ्रमण किया। इसके बाद पटना-गया मार्ग पर उमता-धरनई सीमा क्षेत्र तक फ्लैग मार्च निकाला गया और वहां से टीम वापस जहानाबाद लौटी।
इस दौरान जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न पूजा पंडालों और प्रतिमा स्थलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने से संबंधित तैयारियों का जायजा लिया। फ्लैग मार्च के माध्यम से प्रशासन ने यह संदेश दिया कि दुर्गा पूजा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
दुर्गा पूजा के अवसर पर विभिन्न पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को विशेष महत्व दिया जा रहा है। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि श्रद्धालु निर्भीक होकर पूजा-अर्चना कर सकें और पूरा पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो।
जिला प्रशासन, जहानाबाद द्वारा दुर्गा पूजा के शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने आमजनों से अपील की है कि वे दुर्गा पूजा का पर्व आपसी भाईचारे, सद्भाव और शांति के साथ मनाएं। साथ ही, विधि-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें, ताकि पर्व के दौरान जिले में शांति एवं सौहार्द का वातावरण कायम रहे।







