नालंदा क्रिकेट संघ ने आगामी सत्र की तैयारियों को लेकर लिए कई अहम फैसले

Written by Sanjay Kumar

Published on:

विजय प्रकाश उर्फ पिन्नू

बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। नालंदा जिला क्रिकेट संघ की कमिटी ऑफ मैनेजमेंट (सीओएम) की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को क्रिकेट संघ के कार्यालय में अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में आगामी सत्र की क्रिकेट गतिविधियों, क्लब एवं खिलाड़ियों के निबंधन समेत संघ से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान कई अहम निर्णय लिए गए।

बैठक में सत्र 2026-27 के लिए क्लबों एवं खिलाड़ियों के निबंधन की तिथि निर्धारित की गई। निबंधन प्रक्रिया 20 अक्टूबर 2026 से शुरू होकर 4 नवंबर 2026 तक चलेगी। इसमें 20 से 25 अक्टूबर तक क्लबों का निबंधन किया जाएगा, जबकि 26 अक्टूबर से 4 नवंबर तक खिलाड़ियों का निबंधन होगा।

संघ के आगामी सत्र की शुरुआत जूनियर लीग NDJL-2027 स्व. राजू वाल्स नालंदा जिला जूनियर क्रिकेट लीग से किए जाने का निर्णय लिया गया। बैठक में पिछले सत्र 2025-26 में आयोजित जूनियर लीग, सीनियर ए डिवीजन एवं बी डिवीजन लीग की गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। वहीं पिछले सत्र के बी डिवीजन के शेष मैचों को पूरा कराने पर सहमति बनी।

नालंदा जिला क्रिकेट लीग से संबंधित जानकारी एवं फॉर्म उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी सिद्धार्थ आनंद को सौंपी गई है। संघ की ओर से सभी संबंधित क्लबों एवं खिलाड़ियों से लीग से जुड़ी जानकारी और निबंधन प्रक्रिया के लिए सिद्धार्थ आनंद से फोन पर संपर्क करने की अपील की गई है।

बैठक में सत्र 2026-27 में नालंदा जिला क्रिकेट लीग के किसी भी प्रारूप में भाग लेने वाले क्लबों के लिए शपथ पत्र अनिवार्य करने का भी निर्णय लिया गया। इसके तहत क्लब के अध्यक्ष या सचिव में से किसी एक को क्लब के लेटर पैड पर लीग में भाग लेने का निवेदन देने के साथ शपथ पत्र जमा करना होगा।

बैठक में नालंदा जिला क्रिकेट संघ के वर्तमान कार्यकाल की समाप्ति को लेकर भी चर्चा हुई। संघ का कार्यकाल नवंबर 2026 में समाप्त होने वाला है। इसके बाद नई कमिटी के गठन के लिए चुनाव एवं एजीएम कराने पर विचार किया गया। चुनाव एवं एजीएम से संबंधित आवश्यक प्रक्रिया के लिए संघ के अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार को जिम्मेदारी सौंपी गई।

बैठक में कमिटी ऑफ मैनेजमेंट के सदस्यों एवं संघ के पदाधिकारियों ने आगामी क्रिकेट सत्र को व्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संचालित करने को लेकर आवश्यक तैयारियों और दिशा-निर्देशों पर भी चर्चा की। सभी प्रतियोगिताओं के सुचारू आयोजन तथा क्लबों एवं खिलाड़ियों के निबंधन को लेकर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

अंत में नालंदा जिला क्रिकेट संघ के सचिव गोपाल कुमार सिंह के धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक संपन्न हुई।

Leave a Comment