सुधीर प्रसाद
बेन (अपना नालंदा)। गांधी जयंती के अवसर पर बेन बाजार स्थित आकिरज सेंट्रल स्कूल के विद्यार्थियों ने गुरुवार को मुख्य मार्ग से भव्य दांडी यात्रा निकालकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचारों और आदर्शों का संदेश दिया। यात्रा में विद्यालय के प्राचार्य शैलेंद्र कुमार, उप प्राचार्य रजनीश कुमार, विकास राज सहित सभी शिक्षक एवं विद्यार्थी उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
दांडी यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने लोगों से महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और भाईचारे के सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की। बच्चों ने गांधी जी के विचारों से संबंधित संदेश और नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
यात्रा में विद्यार्थियों द्वारा महात्मा गांधी के तीन बंदरों का आकर्षक प्रारूप प्रस्तुत किया गया, जो बुरा न देखने, बुरा न सुनने और बुरा न बोलने का संदेश दे रहे थे। वहीं, स्काउट एवं गाइड के विद्यार्थी अनुशासन और सेवा भावना का संदेश देते हुए यात्रा में पीछे-पीछे चल रहे थे। गांधी जी की वेशभूषा में सजे बच्चे विशेष आकर्षण का केंद्र बने रहे।
विद्यालय परिसर से शुरू हुई यात्रा मुख्य मार्ग से गुजरते हुए आगे बढ़ी। रास्ते में यात्रा को देखने के लिए बड़ी संख्या में राहगीर कुछ देर के लिए रुकते नजर आए। बच्चों के अनुशासन और आकर्षक प्रस्तुतियों ने लोगों का ध्यान खींचा। स्थानीय लोगों ने विद्यालय की ओर से आयोजित इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों को महापुरुषों के जीवन, विचारों और आदर्शों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि विद्यार्थियों में देशप्रेम, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना आयोजन का मुख्य उद्देश्य है।







