गुरुशरणपुर स्कूल में गांधी जयंती पर सत्य, अहिंसा और स्वच्छता का संदेश

Written by Sanjay Kumar

Published on:

सुधीर प्रसाद
बेन (अपना नालंदा)। प्रखंड क्षेत्र की खैरा पंचायत स्थित श्री महात्मा गांधी उच्च विद्यालय, गुरुशरणपुर के परिसर में गुरुवार को गांधी जयंती समारोह श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई। इस दौरान विद्यालय परिसर में उपस्थित लोगों ने गांधी जी के विचारों और उनके आदर्शों को याद किया।
समारोह में विद्यालय के प्रधानाध्यापक चंद्रमणि कुमार ने महात्मा गांधी के जीवन संघर्ष और उनके विचारों पर प्रकाश डाला। वरीय शिक्षक मनोज कुमार सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि गांधी जी ने सत्य और अहिंसा को अपना हथियार बनाकर देश को स्वतंत्रता की राह दिखाई। उनके विचार आज भी समाज और देश के लिए प्रासंगिक हैं।
वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सादगी, सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सामाजिक समरसता का संदेश देता है। उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में आपसी भाईचारा और सद्भाव को मजबूत किया जा सकता है। उपस्थित लोगों ने गांधी जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में प्रखंड जदयू अध्यक्ष अरविंद पटेल, सचिव मिथिलेश प्रसाद, लाल प्रसाद, टुनटुन सिंह, शैलेंद्र कुमार, जितेंद्र सिंह, राहुल कुमार, भागेरण पाल, गोल्डन, सुकांत कुमार, जगदीश प्रसाद सहित विद्यालय के शिक्षक, छात्र एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। समारोह के दौरान गांधी जी के आदर्शों और देश के प्रति उनके योगदान को याद किया गया।

Leave a Comment