हरिओम कुमार
हरनौत (अपना नालंदा)। हरनौत प्रखंड के गोनावां पंचायत स्थित छतियाना में निर्माणाधीन 33/11 केवी पावर सब स्टेशन (पीएसएस) का कार्य तेजी से चल रहा है। करीब 877 लाख रुपये की लागत से बन रहे इस परियोजना का लगभग 30 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। ऊर्जा विभाग के तहत साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (SBPDCL) द्वारा इसका निर्माण कराया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार दिसंबर 2026 तक इसे चालू करने का लक्ष्य रखा गया है।
बिजली आपूर्ति प्रशाखा हरनौत के कनिष्ठ अभियंता (जेई) मनीष कुमार ने बताया कि वर्तमान में हरनौत, कल्याण बिगहा, चैनपुर, तेलमर और चेरन पीएसएस से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की जा रही है। नया पीएसएस चालू होने के बाद गोनावां, छतियाना, चौरिया, गोखुलपुर, बौधनगर बाजार, महवाचक, पोआरी, बसनियावां, तिस्कुरबा सहित आसपास के कई गांवों को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलेगी।
उन्होंने बताया कि फिलहाल बाउंड्री वॉल का निर्माण पूरा हो चुका है तथा कंट्रोल रूम का निर्माण और पाइलिंग का कार्य जारी है। परिसर में 8 मीटर के सीमेंट पोल तथा 11 एवं 13 मीटर ऊंचाई वाले लोहे के सैकड़ों पोल भी पहुंच चुके हैं, जिन्हें जल्द स्थापित किया जाएगा।
जेई ने बताया कि इस पावर सब स्टेशन की कुल क्षमता 20 एमवीए होगी, जिसमें 10-10 एमवीए के दो पावर ट्रांसफॉर्मर लगाए जाएंगे। नया पीएसएस शुरू होने से चेरन पीएसएस पर बिजली का अतिरिक्त लोड कम होगा, फॉल्ट का शीघ्र निवारण होगा और उपभोक्ताओं को समय पर फुल वोल्टेज के साथ गुणवत्तापूर्ण बिजली मिलेगी। इससे घरेलू उपकरणों के साथ-साथ कुटीर एवं लघु उद्योगों को भी बड़ा लाभ मिलेगा।
हरनौत को मिलेगा नया पावर सब स्टेशन, छतियाना पीएसएस का 30% निर्माण पूरा; दिसंबर तक शुरू होने की उम्मीद
Written by Sanjay Kumar
Published on:







