नीतीश कुमार से मिले छात्र जदयू नेता आशीष कुमार, एसयू कॉलेज में पीजी, बीएड, हॉस्टल पुनर्निर्माण और छात्रसंघ चुनाव की उठाई मांग

Written by Sanjay Kumar

Published on:

हिलसा (अपना नालंदा)। छात्र जदयू पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय पूर्वी भाग, नालंदा के अध्यक्ष आशीष कुमार ने पटना स्थित आवास पर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात कर हिलसा अनुमंडल में उच्च शिक्षा से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और छात्रों की लंबे समय से लंबित मांगों को उनके समक्ष रखा। इस दौरान उन्होंने श्रीचंद उदासीन (एसयू) कॉलेज, हिलसा में स्नातकोत्तर (पीजी) की पढ़ाई शुरू कराने, बीएड पाठ्यक्रम की स्वीकृति देने, जर्जर छात्रावास का पुनर्निर्माण कराने तथा पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग की।
आशीष कुमार ने कहा कि हिलसा अनुमंडल के हजारों छात्र-छात्राओं को स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद आगे की पढ़ाई के लिए पटना, बिहारशरीफ और अन्य शहरों का रुख करना पड़ता है। इससे विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है। विशेषकर गरीब एवं ग्रामीण परिवारों के छात्रों के लिए बाहर रहकर पढ़ाई करना काफी मुश्किल होता है। यदि एसयू कॉलेज में ही पीजी और बीएड की पढ़ाई शुरू हो जाए तो क्षेत्र के विद्यार्थियों को अपने ही इलाके में गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा का अवसर मिलेगा।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग रखी कि कॉलेज में भौतिकी, रसायन विज्ञान, वनस्पति विज्ञान, प्राणी विज्ञान, हिन्दी, उर्दू, पाली, संस्कृत सहित विभिन्न प्रमुख विषयों में स्नातकोत्तर की पढ़ाई प्रारंभ की जाए। साथ ही बीएड पाठ्यक्रम की स्वीकृति भी दी जाए, ताकि शिक्षक बनने की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को दूसरे शहरों का रुख न करना पड़े।
छात्र जदयू नेताओं ने एसयू कॉलेज के छात्रावास की जर्जर स्थिति का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि करीब 30 वर्षों से हॉस्टल भवन बदहाल स्थिति में है। इसके कारण दूर-दराज के गांवों से आने वाले छात्रों को रहने की सुविधा नहीं मिल पा रही है। यदि छात्रावास का पुनर्निर्माण कराया जाता है तो गरीब एवं ग्रामीण पृष्ठभूमि के विद्यार्थियों को सबसे अधिक लाभ मिलेगा और उन्हें सुरक्षित आवास की सुविधा मिल सकेगी।
मुलाकात के दौरान पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव नहीं होने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। छात्र नेताओं ने कहा कि वर्ष 2018 में विश्वविद्यालय की स्थापना के बाद से अब तक छात्रसंघ चुनाव नहीं कराया गया है। चुनाव नहीं होने से विद्यार्थियों को अपनी समस्याओं को लोकतांत्रिक तरीके से रखने का अवसर नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से शीघ्र छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग की।
आशीष कुमार ने कहा कि हिलसा जैसे महत्वपूर्ण शैक्षणिक क्षेत्र में उच्च शिक्षा के संसाधनों का विस्तार समय की जरूरत है। नए पाठ्यक्रम शुरू होने, बीएड की स्वीकृति मिलने और छात्रावास के पुनर्निर्माण से न केवल हिलसा बल्कि पूरे नालंदा जिले के हजारों छात्र-छात्राओं को सीधा लाभ मिलेगा। इससे क्षेत्र में शिक्षा का स्तर बेहतर होगा और विद्यार्थियों का समय एवं आर्थिक खर्च भी बचेगा।
पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि शिक्षा से जुड़े इन महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक पहल करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
मुलाकात के दौरान धर्मपाल राज, राकेश कुमार, रजनीश कुमार सहित अन्य छात्र जदयू कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

Leave a Comment