जहानाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ट्रक से 822 लीटर विदेशी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

Written by Sanjay Kumar

Published on:

अजीत कुमार
जहानाबाद (अपना नालंदा)। जहानाबाद पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक ट्रक से 822 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई में दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से शराब तस्करी के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, पटना स्थित मद्य निषेध विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि ट्रक संख्या BR-01GP-6233 के माध्यम से भारी मात्रा में विदेशी शराब की खेप जहानाबाद के रास्ते ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही काको थाना पुलिस और मद्य निषेध विभाग की संयुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए काको थाना गेट के समीप वाहन की घेराबंदी की।
ट्रक को रोककर जब उसकी गहन तलाशी ली गई तो उसमें छिपाकर रखी गई 822 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। मौके से पुलिस ने ट्रक चालक सहित दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कौशल कुमार और साहिल कुमार के रूप में हुई है। दोनों से पूछताछ की जा रही है ताकि शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है तथा ट्रक को भी कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में शराब तस्करी और अन्य अपराधों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सभी थाना प्रभारियों को सतर्क रहकर लगातार वाहन जांच और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है। इसी अभियान के तहत यह बड़ी सफलता मिली है।
पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी इसी तरह सघन जांच अभियान जारी रहेगा। इस कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है, वहीं पुलिस की सक्रियता की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की है।

Leave a Comment