हरिओम कुमार
हरनौत (अपना नालंदा)। हरनौत बाजार स्थित रांची रोड के 33/11 केवी पावर सब स्टेशन (पीएसएस) का बृहस्पतिवार को साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (एसबीपीडीसीएल) के सहायक विद्युत अभियंता (एईई) अमरेश कुमार ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बिजली आपूर्ति व्यवस्था की गहन समीक्षा करते हुए कनीय अभियंता (जेई) और मानव बल को उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एईई ने सब स्टेशन के विभिन्न तकनीकी पहलुओं की विस्तार से जांच की। उन्होंने ट्रांसफार्मरों पर पीक आवर के दौरान पड़ने वाले लोड, ब्रेकडाउन रजिस्टर, सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता, बिजली आपूर्ति में आने वाली बाधाओं तथा बकायेदार उपभोक्ताओं के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि गर्मी के मौसम में बढ़ते बिजली भार को देखते हुए ट्रांसफार्मरों पर ओवरलोडिंग नहीं होने दी जाए, ताकि उपभोक्ताओं को बार-बार बिजली कटौती या ट्रिपिंग की समस्या का सामना न करना पड़े।
एईई अमरेश कुमार ने बताया कि कल्याण बिगहा पावर सब स्टेशन अंतर्गत 33 केवी के जर्जर विद्युत तारों को बदलने का कार्य तेजी से चल रहा है। वहीं चैनपुर पावर सब स्टेशन क्षेत्र में 33 केवी लाइन के तार बदलने का कार्य पूरा कर लिया गया है, जिससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति और अधिक सुचारु होने की उम्मीद है।
कनीय अभियंता मनीष कुमार ने बताया कि हरनौत का 33/11 केवी पावर सब स्टेशन पांच प्रमुख फीडरों—साउथ टाउन, साउथ ग्रामीण, ईस्ट, वेस्ट और नॉर्थ—को बिजली आपूर्ति करता है। इस सब स्टेशन में 10 एमवीए क्षमता के दो तथा 5 एमवीए क्षमता के दो ट्रांसफार्मर स्थापित हैं, जिनके माध्यम से बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं को विद्युत आपूर्ति की जाती है।
निरीक्षण के दौरान पिछले एक महीने में आए फॉल्ट, उनके कारण और समाधान में लगे समय की भी समीक्षा की गई। एईई ने उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि बिजली से संबंधित किसी भी शिकायत का समयबद्ध समाधान किया जाए।
सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने सब स्टेशन पर कार्यरत कर्मियों के लिए सेफ्टी शूज, हेलमेट, ग्लव्स तथा फायर फाइटिंग सिस्टम की उपलब्धता की भी जांच की। साथ ही बड़े बकायेदार उपभोक्ताओं की सूची तलब कर उनके विरुद्ध डिस्कनेक्शन अभियान तेज करने का निर्देश दिया।
एईई अमरेश कुमार ने स्पष्ट कहा कि उपभोक्ताओं को निर्बाध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने लो वोल्टेज, बार-बार ट्रिपिंग तथा अन्य तकनीकी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान मानव बल जीतेंद्र कुमार, ऑपरेटर खुशबू कुमारी, ऑपरेटर देवनाथ कुमार सहित अन्य विद्युतकर्मी उपस्थित रहे।
हरनौत पीएसएस का एईई ने किया निरीक्षण, निर्बाध बिजली आपूर्ति और ओवरलोडिंग रोकने के दिए सख्त निर्देश
Written by Sanjay Kumar
Published on:







