ऑपरेशन मुस्कान की बड़ी सफलता: जहानाबाद पुलिस ने 88 लोगों को लौटाए 15.12 लाख रुपये के गुम हुए मोबाइल

Written by Sanjay Kumar

Published on:


अजीत कुमार
जहानाबाद (अपना नालंदा)। जहानाबाद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल हुई है। पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार के निर्देशन एवं सहायक पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार पांडे के नेतृत्व में गुरुवार को गुम एवं चोरी हुए 88 मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपे गए। बरामद किए गए मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत करीब 15 लाख 12 हजार रुपये बताई गई है।
मोबाइल वापस मिलने के बाद लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। कई लोगों ने उम्मीद छोड़ दी थी कि उनका मोबाइल कभी वापस मिल पाएगा, लेकिन जहानाबाद पुलिस की सक्रियता और तकनीकी जांच के कारण उनके मोबाइल सुरक्षित बरामद कर लिए गए। मोबाइल प्राप्त करने वाले लोगों ने पुलिस प्रशासन के इस सराहनीय कार्य की जमकर प्रशंसा की और इसे आम जनता के प्रति पुलिस की संवेदनशीलता का उदाहरण बताया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अक्सर मोबाइल फोन छिनतई, चोरी, गुम होने या कहीं छूट जाने जैसी घटनाओं में लोग शिकायत दर्ज नहीं कराते, जिससे अपराधियों को इसका दुरुपयोग करने का मौका मिल जाता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने की स्थिति में तुरंत नजदीकी थाने या साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा केंद्र सरकार के सीईआईआर (CEIR) पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कर मोबाइल को ब्लॉक कराया जा सकता है, ताकि उसका गलत इस्तेमाल न हो सके।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ऑपरेशन मुस्कान का उद्देश्य गुम हुए मोबाइल फोन को तकनीकी सहायता से खोजकर उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाना है। यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को राहत मिल सके और साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
जहानाबाद पुलिस की इस पहल से 88 परिवारों के चेहरे पर फिर से मुस्कान लौट आई। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी पुलिस इसी तरह जनहित में कार्य करती रहेगी और गुम हुए मोबाइल सहित अन्य मामलों में भी त्वरित कार्रवाई करेगी।

Leave a Comment