अजीत कुमार
जहानाबाद (अपना नालंदा)। जिला पदाधिकारी छिरिंग वाई. भूटिया की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला समाहरणालय में जिला परिवहन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत खाद्यान्न के सुचारु परिवहन, भंडारण एवं समय पर वितरण को लेकर विस्तार से समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत लाभुकों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बैठक के दौरान डोर स्टेप डिलीवरी (डीएसडी) परिवहन अभिकर्ताओं के चयन की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला परिवहन समिति के सदस्यों के साथ विभिन्न पहलुओं की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने चयन प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न कराने का निर्देश दिया।
समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने जिले में संचालित टीपीडीएस (टार्गेटेड पब्लिक डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम) गोदामों एवं सीएमआर (कस्टम मिल्ड राइस) गोदामों की संख्या बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया, ताकि खाद्यान्न के भंडारण एवं परिवहन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
बैठक में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत खाद्यान्न के उठाव एवं वितरण की अद्यतन स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने कहा कि सभी परिवहन अभिकर्ता एवं संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि राशन दुकानों तक खाद्यान्न समय पर पहुंचे और लाभुकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि खाद्यान्न परिवहन से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए तथा किसी भी स्तर पर बाधा उत्पन्न होने पर उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही वितरण व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व) अनिल कुमार सिन्हा, जिला परिवहन पदाधिकारी अविनाश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी राजीव रंजन सिन्हा, महाप्रबंधक राज्य खाद्य निगम कुमार रवि रंजन सहित जिला परिवहन समिति के अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में खाद्यान्न वितरण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया।
जिला परिवहन समिति की बैठक में डीएम का सख्त निर्देश, खाद्यान्न का समय पर उठाव और वितरण हर हाल में सुनिश्चित करें
Written by Sanjay Kumar
Published on:







