संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। नालंदा के लोगों की वर्षों पुरानी मांग आखिरकार पूरी हो गई। कोरोना काल से बंद पड़ी राजगीर-हावड़ा ट्रेन सेवा एक बार फिर शुरू होने जा रही है। नालंदा सांसद कौशलेंद्र कुमार रविवार को राजगीर रेलवे स्टेशन से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। ट्रेन शुरू होने की खबर से नालंदा सहित आसपास के जिलों के लोगों में खुशी का माहौल है।
सांसद कौशलेंद्र कुमार ने बताया कि उनके लगातार प्रयास के बाद रेलवे ने इस महत्वपूर्ण ट्रेन सेवा को पुनः बहाल करने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन राजगीर से खुलकर बिहारशरीफ, अस्थावां, शेखपुरा, किउल, सुल्तानगंज, भागलपुर और रामपुरहाट होते हुए हावड़ा-कोलकाता तक जाएगी। इससे बिहार और पश्चिम बंगाल के बीच सीधा रेल संपर्क फिर से मजबूत होगा।
उन्होंने कहा कि राजगीर एक अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल है, जहां हर वर्ष बड़ी संख्या में बंगाल से श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। खासकर मलमास मेला के दौरान लाखों श्रद्धालुओं का आगमन होता है। ट्रेन बंद होने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अब इस सेवा के शुरू होने से यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
सांसद ने कहा कि इस ट्रेन के परिचालन से बिहार और बंगाल की संस्कृति, व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही मलमास मेला में आने वाले श्रद्धालुओं को यात्रा में सुविधा होगी।
इस दौरान सांसद कौशलेंद्र कुमार ने राजगीर मेला क्षेत्र का भी भ्रमण किया और जिला प्रशासन की तैयारियों की सराहना की। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए टेंट सिटी बनाई गई है। वहीं जीविका दीदियों द्वारा सस्ती रोटी का स्टॉल लगाया गया है। बच्चों के मनोरंजन के लिए झूला, सर्कस और जादूगर जैसे आकर्षण भी मौजूद हैं। उन्होंने लोगों से निर्भीक होकर मेले का आनंद लेने की अपील की।







