माता सुशीला इंस्टीच्यूट ऑफ एजुकेशन में ‘पाठ योजना’ विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित

Written by Sanjay Kumar

Published on:

संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। शनिवार को माता सुशीला इंस्टीच्यूट ऑफ एजुकेशन, सैयदवहरी (हिलसा) के श्री राम सिंह सभागार में बी.एड. सत्र 2025-27 प्रथम वर्ष के प्रशिक्षुओं के लिए एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य विषय “पाठ योजना” रहा, जिसका उद्देश्य भावी शिक्षकों को प्रभावी शिक्षण पद्धति की जानकारी देना था।
कार्यशाला के दौरान प्रशिक्षुओं ने पोस्टर प्रस्तुति के माध्यम से पाठ योजना के विभिन्न आयामों को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार सुव्यवस्थित पाठ योजना से कक्षा शिक्षण को सरल, रोचक और परिणामदायी बनाया जा सकता है। कार्यक्रम में गौतम ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. अभिजीत कुमार “गौतम” ने कहा कि पाठ योजना शिक्षक की एक महत्वपूर्ण कला है। इसके माध्यम से शिक्षक अपने शिक्षण कार्य को सुनियोजित ढंग से संचालित करते हैं और विद्यार्थियों के समग्र विकास में योगदान देते हैं।
इस अवसर पर संस्थान के प्राचार्य डॉ. विश्वमोहन कुमार ने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा कि एक सफल शिक्षक वही है जो पूर्व तैयारी के साथ कक्षा में प्रवेश करता है। सहायक प्राध्यापक डॉ. अरूण कुमार, अरविन्द कुमार यादव, सर्वेन्द्र कुमार एवं हरेन्द्र प्रसाद यादव ने भी पाठ योजना के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। अंत में सभी प्रशिक्षुओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर अध्ययन एवं अभ्यास के लिए प्रेरित किया गया।

Leave a Comment