हरनौत (अपना नालंदा)। प्रखंड क्षेत्र के सरथा गांव स्थित महादेव स्थान परिसर में चार दिवसीय धार्मिक आयोजन के तहत शनिवार को भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। कार्यक्रम के तहत आज से 24 घंटे का अखंड कीर्तन प्रारंभ होगा। आयोजन में समाजसेवी एवं जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
आयोजकों ने बताया कि कलश यात्रा में कुल 251 श्रद्धालुओं ने सिर पर कलश धारण कर भाग लिया। यात्रा महादेव स्थान मंदिर से प्रारंभ होकर बख्तियारपुर नगर क्षेत्र स्थित गंगा घाट तक पहुंची, जहां वैदिक विधि से कलश में जल भरा गया। इसके बाद श्रद्धालु सुरक्षित वाहनों से हरनौत नगर क्षेत्र के रांची रोड स्थित राधा-कृष्ण बाईपास पहुंचे और वहां से बैंड-बाजे व घोड़ों के साथ पुनः शोभायात्रा निकालते हुए मंदिर परिसर लौटे।
पंडित प्रमोद पांडेय एवं आदित्य नारायण ने बताया कि कलश यात्रा धार्मिक अनुष्ठान की सफलता, वातावरण की शुद्धि और सकारात्मक ऊर्जा के संचार का प्रतीक मानी जाती है। मान्यता है कि कलश में देवी-देवताओं का वास होता है और यह समृद्धि, पवित्रता तथा श्रद्धा का प्रतीक है।
आयोजन समिति के अनुसार महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच अखंड कीर्तन आरंभ होगा। सोमवार को समापन, कन्या पूजन तथा मंगलवार को भव्य भंडारे का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने में पंचायत समिति सदस्य राणा शैलेश सिंह, पूर्व मुखिया अनिरुद्ध कुमार सहित कई ग्रामीण सक्रिय सहयोग दे रहे हैं।
महाशिवरात्रि पर सरथा में उमड़ा आस्था का सैलाब, भव्य कलशयात्रा बना आकर्षण का केंद्र
Written by Sanjay Kumar
Published on:







