निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 150 मरीजों की हुई जांच, लायंस क्लब ऑफ नालंदा ने बांटी दवाएं

Written by Sanjay Kumar

Published on:

संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। समाज सेवा के अपने संकल्प को आगे बढ़ाते हुए लायंस क्लब ऑफ नालंदा ने सत्र 2026-27 के दूसरे सेवा प्रोजेक्ट के तहत कागजी मोहल्ला स्थित मगध हेल्थ केयर में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया। इस शिविर में करीब 150 जरूरतमंद मरीजों ने स्वास्थ्य जांच कराई और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया। शिविर के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क दवाएं भी वितरित की गईं।
यह स्वास्थ्य शिविर शहर के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. वीरमणि कुमार के विशेष सहयोग से आयोजित किया गया। उनके मार्गदर्शन एवं मगध हेल्थ केयर के चिकित्सकों और स्टाफ के समर्पित प्रयासों से शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर में थायराइड, ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, यूरिक एसिड सहित अन्य आवश्यक जांचें निःशुल्क की गईं। मरीजों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार आवश्यक परामर्श भी दिया गया।
जानकारी देते हुए बताया गया कि इस प्रकार का निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर प्रत्येक माह की 4 तारीख को नियमित रूप से आयोजित किया जाता है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
कार्यक्रम का नेतृत्व लायंस क्लब ऑफ नालंदा के अध्यक्ष लायन मनीष कुमार गुप्ता ने किया। उन्होंने कहा कि क्लब का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को आर्थिक अभाव के कारण इलाज से वंचित नहीं होना चाहिए। इसी सोच के साथ क्लब लगातार स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सामाजिक सेवा के विभिन्न कार्यक्रम संचालित कर रहा है। उन्होंने शिविर की सफलता के लिए डॉ. वीरमणि कुमार एवं मगध हेल्थ केयर की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।
शिविर में युवाओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली। डीबीएस ग्लोबल यूनिवर्सिटी, देहरादून के छात्र अर्श राज ने सेवा कार्य में सक्रिय भूमिका निभाई और मरीजों की सहायता की।
इस अवसर पर क्लब के कोषाध्यक्ष लायन दिवाकर सिंह, लायन प्रहलाद कुमार, लायन मुकेश कुमार मेहता, लायन राज रोशन, लायन राजकमल प्रसाद, लायन बंटी कुमार, लायन प्रमोद कुमार सहित लायंस क्लब ऑफ नालंदा के कई सदस्य एवं मगध हेल्थ केयर का पूरा स्टाफ उपस्थित रहा। सभी ने भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को लगातार जारी रखने का संकल्प लिया।

Leave a Comment