आर संतोष भारती
कतरीसराय (अपना नालंदा)। पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन के प्रति बच्चों में जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से गुरुवार को टेक नारायण प्लस टू विद्यालय, बादी के सभागार में युको क्लब के तहत प्रखंड स्तरीय नोडल शिक्षकों का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण जिला शिक्षा पदाधिकारी हेमचंद्र पासवान के निर्देश पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अमरजीत प्रसाद के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर डॉ. अभिनव कुमार एवं प्रशांत कुमार के साथ प्रखंड स्तरीय ट्रेनर सतीश कुमार, धर्मेंद्र कुमार और राहुल कुमार ने शिक्षकों को पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता, हरियाली, जल एवं ऊर्जा संरक्षण सहित स्वस्थ जीवनशैली से जुड़े विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि युको क्लब के माध्यम से पूरे वित्तीय वर्ष में विद्यालयों में विभिन्न पर्यावरणीय गतिविधियों का संचालन किया जाएगा।
प्रशिक्षकों ने बताया कि अभियान से प्रखंड के 44 सरकारी तथा 13 निजी विद्यालयों को जोड़ा गया है। विद्यालयों में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कराया जाएगा और विद्यार्थियों को पौधों की देखभाल एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया जाएगा।
जिला शिक्षा पदाधिकारी हेमचंद्र पासवान ने कहा कि सरकार की इस पहल का उद्देश्य विद्यालयों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण की संस्कृति विकसित करना है। वहीं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अमरजीत प्रसाद ने बताया कि कतरीसराय प्रखंड को 5,000 पौधे लगाने का लक्ष्य मिला है। उन्होंने विश्वास जताया कि शिक्षकों और विद्यार्थियों के सहयोग से निर्धारित लक्ष्य से अधिक पौधारोपण कर प्रखंड को हराभरा बनाया जाएगा।
एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को लेकर कतरीसराय में नोडल शिक्षकों का प्रशिक्षण, 5 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य
Written by Sanjay Kumar
Published on:







