राजभवन में स्काउट्स-गाइड्स विद्यार्थियों से मिले राज्यपाल, राष्ट्र निर्माण का दिया संदेश

Written by Sanjay Kumar

Published on:

अजीत कुमार
पटना/जहानाबाद (अपना नालंदा)। बिहार के राज्यपाल ने मंगलवार को राजभवन, पटना में जहानाबाद से पहुंचे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के 25 विद्यार्थियों तथा 5 शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल से आत्मीय मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना, राष्ट्रभक्ति और संवैधानिक मूल्यों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
राज्यपाल ने कहा कि स्काउट्स एवं गाइड्स जैसी संस्थाएं बच्चों में जिम्मेदारी, आत्मनिर्भरता और समाज के प्रति समर्पण की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को भी जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि आज के विद्यार्थी ही भविष्य में देश के जिम्मेदार नागरिक और नेतृत्वकर्ता बनेंगे।
इस अवसर पर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के अध्यक्ष शकील अहमद काकवी ने राज्यपाल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राजभवन में विद्यार्थियों को आमंत्रित कर उनसे संवाद का अवसर प्रदान करना उनके लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा कि गाँव की पाठशाला से राजभवन तक की यह यात्रा बच्चों के आत्मविश्वास को नई ऊंचाई देगी और उन्हें समाज व राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का बेहतर बोध कराएगी।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल विद्यार्थियों और शिक्षकों ने भी राज्यपाल से मुलाकात को अपने जीवन का यादगार अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रेरणादायी संवाद से उन्हें बेहतर नागरिक बनने और समाज सेवा के लिए निरंतर कार्य करने की नई ऊर्जा मिली। कार्यक्रम के अंत में सभी ने राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

Leave a Comment