संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। नालंदा समाहरणालय में शनिवार को आयोजित दैनिक जनता दरबार में जिलाधिकारी उदिता सिंह ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 26 आवेदकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। उन्होंने प्रत्येक मामले की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को शीघ्र एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जनता दरबार में एक आवेदक ने हरगावां पैक्स में जमा किए गए धान का भुगतान नहीं मिलने तथा धान की खरीद से इनकार किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। इस मामले को गंभीर मानते हुए जिलाधिकारी ने अपर समाहर्ता एवं जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, नालंदा को जांच कर त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया।
एक अन्य आवेदक ने सरकारी भूमि से अतिक्रमण नहीं हटाए जाने की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जनता दरबार में जमीन पर अवैध कब्जा कर चाहरदीवारी निर्माण किए जाने से संबंधित शिकायत भी सामने आई। जिलाधिकारी ने इस मामले के निष्पादन के लिए अपर समाहर्ता एवं जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
इसके अलावा शस्त्र लाइसेंस निर्गत करने से संबंधित एक आवेदन पर जिलाधिकारी ने जिला शस्त्र दंडाधिकारी, नालंदा को नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जनता दरबार में प्राप्त अन्य आवेदनों पर भी जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम जनता की शिकायतों का त्वरित एवं पारदर्शी निष्पादन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जनता दरबार में जिलाधिकारी ने 26 आवेदनों पर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
Written by Sanjay Kumar
Published on:







