वेतन चिंता के बीच स्कूल में शिक्षक की मौत, शिक्षा विभाग पर सवाल

Written by Sanjay Kumar

Published on:

संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। हरनौत प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय जीवनपुर में कार्यरत नियोजित शिक्षक विनोद कुमार की मंगलवार को विद्यालय में अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना के बाद शिक्षक समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई है।
परिवर्तनकारी प्रारंभिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष रौशन कुमार ने प्रेस बयान जारी कर बताया कि विभागीय लापरवाही और दो माह से वेतन भुगतान नहीं होने के कारण शिक्षक मानसिक तनाव में थे। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय विनोद कुमार के परिवार में दो पुत्र और एक पुत्री हैं, जिसकी शादी जल्द होने वाली थी। वेतन नहीं मिलने से वे लगातार चिंता में रह रहे थे।
जानकारी के अनुसार विनोद कुमार रोज की तरह समय पर विद्यालय पहुंचे थे। चेतना सत्र समाप्त होने के बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश होकर गिर पड़े। विद्यालय की प्रधान शिक्षिका प्रियंका कुमारी उन्हें तुरंत इलाज के लिए रेफरल अस्पताल चंडी लेकर पहुंचीं तथा परिजनों को सूचना दी गई। अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार हार्ट अटैक से उनकी मौत हुई है।
घटना की सूचना मिलने पर शिक्षक संघ के पदाधिकारी अस्पताल पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। संघ ने मृतक शिक्षक के आश्रितों को विभागीय लाभ और आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है। रौशन कुमार ने कहा कि विनोद कुमार कर्तव्यनिष्ठ और सरल स्वभाव के शिक्षक थे, उनकी मौत शिक्षक समाज के लिए अपूरणीय क्षति है।

Leave a Comment