हरिओम कुमार
हरनौत (अपना नालंदा)। दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हरनौत प्रखंड में तीन दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर 17 सितंबर से 19 सितंबर तक स्थानीय बाजार स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) तथा प्रखंड मुख्यालय स्थित प्रखंड कार्यालय में लगाया जाएगा। शिविर में दिव्यांगजनों के लिए दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, यूडीआईडी कार्ड तथा विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरणों के लिए आवेदन लिए जाएंगे।
प्रखंड कार्यालय में पदस्थापित सुरक्षा कोषांग विभाग के डाटा एंट्री ऑपरेटर (डीईओ) पवन कुमार ने बताया कि समाज कल्याण विभाग के दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग, नालंदा के तत्वावधान में आयोजित इस विशेष शिविर में दिव्यांगजनों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सुविधाओं के लिए आवेदन करने का अवसर मिलेगा। शिविर का आयोजन सुबह 10 बजे से किया जाएगा।

पीएचसी में यूडीआईडी व दिव्यांगता प्रमाण-पत्र से संबंधित कार्य
दिव्यांगजनों के यूडीआईडी कार्ड एवं दिव्यांगता प्रमाण-पत्र से संबंधित आवेदन प्राप्त करने और प्रमाण-पत्र निर्गत करने के लिए हरनौत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को शिविर स्थल बनाया गया है। ऐसे दिव्यांगजन, जिन्हें अभी तक दिव्यांगता प्रमाण-पत्र या यूडीआईडी कार्ड नहीं मिला है, वे निर्धारित तिथि को पीएचसी पहुंचकर आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें आवश्यक दस्तावेज के रूप में आधार कार्ड साथ लाना होगा।
प्रमाण-पत्र और यूडीआईडी कार्ड दिव्यांगजनों के लिए विभिन्न सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ लेने में महत्वपूर्ण दस्तावेज हैं। ऐसे में इससे वंचित लोगों को शिविर का लाभ उठाने की अपील की गई है।
प्रखंड कार्यालय में सहायक उपकरणों के लिए लिए जाएंगे आवेदन

वहीं, प्रखंड मुख्यालय स्थित प्रखंड कार्यालय में दिव्यांगजनों को जरूरत के अनुसार विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए आवेदन लिए जाएंगे। शिविर में बैटरी चालित तिपहिया साइकिल के साथ-साथ ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, वॉकर, वॉकिंग स्टिक, कृत्रिम अंग, हाथ-पैर, कैलिपर्स, ब्लाइंड स्टिक, स्मार्ट केन, ब्रेल स्लेट, स्मार्ट फोन, श्रवण यंत्र, सीपी चेयर समेत अन्य आवश्यक सहायक उपकरणों के लिए आवेदन किया जा सकेगा।
सहायक उपकरणों के लिए आवेदन करने वाले दिव्यांगजनों को आधार कार्ड, निवास प्रमाण-पत्र, आय प्रमाण-पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो तथा दिव्यांगता प्रमाण-पत्र की छायाप्रति साथ लानी होगी। संबंधित अधिकारियों के अनुसार, दस्तावेजों की जांच के बाद पात्र लाभुकों के आवेदन को योजना के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा।
वंचित दिव्यांगजन शिविर में पहुंचकर जमा करें आवेदन : बीडीओ
बीडीओ सह नियंत्री पदाधिकारी डॉ. पंकज कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तिकरण योजना सहित अन्य संबंधित सरकारी योजनाओं का लाभ लेने से वंचित दिव्यांगजनों के लिए यह शिविर महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने अपील की कि पात्र दिव्यांगजन निर्धारित तिथि और समय पर शिविर में पहुंचकर अपना आवेदन जमा करें तथा सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।
उन्होंने बताया कि शिविर के सफल संचालन और दिव्यांगजनों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए नोडल पदाधिकारी एवं कार्यपालक पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। शिविर में आवेदन प्राप्त करने के लिए लक्ष्य भी निर्धारित किया गया है। अधिकारियों और कर्मियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप अधिक से अधिक पात्र दिव्यांगजनों को योजना से जोड़ने की जिम्मेदारी दी गई है।
तीन दिनों तक मिलेगा आवेदन का अवसर
प्रखंड प्रशासन ने दिव्यांगजनों से अपील की है कि वे 17, 18 और 19 सितंबर को आयोजित होने वाले इस शिविर का लाभ उठाएं। संबंधित दस्तावेजों के साथ समय पर पहुंचकर आवेदन जमा करने से दिव्यांगजनों को प्रमाण-पत्र, यूडीआईडी कार्ड और जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण प्राप्त करने की प्रक्रिया में सुविधा होगी।







