पंचायत विकास दिवस पर अमथुआ पंचायत पहुंचे प्रभारी मंत्री मोहम्मद जमा खान, विकास योजनाओं की समीक्षा कर ग्रामीणों की सुनी समस्याएं

Written by Sanjay Kumar

Published on:

अजीत कुमार
जहानाबाद (अपना नालंदा)। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को आयोजित होने वाले पंचायत विकास दिवस के अवसर पर रविवार को काको प्रखंड की अमथुआ पंचायत में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री एवं जहानाबाद जिले के प्रभारी मंत्री मोहम्मद जमा खान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने पंचायत स्तर पर संचालित विकास योजनाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी राजीव रंजन सिंह, जिला भाजपा अध्यक्ष, भाजपा के महामंत्री, पंचायत के मुखिया सहित जिला प्रशासन के कई वरीय अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बड़ी संख्या में महिलाओं और ग्रामीणों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को जनभागीदारी का स्वरूप प्रदान किया।
अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री मोहम्मद जमा खान ने कहा कि पंचायत विकास दिवस का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान पंचायत स्तर पर ही सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचे, इसके लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लोगों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करें तथा विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, बिजली, आवास, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन वितरण एवं अन्य स्थानीय समस्याओं से संबंधित आवेदन भी अधिकारियों को सौंपे। संबंधित विभागों के अधिकारियों ने कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र निष्पादन का आश्वासन दिया गया।
जिला प्रशासन की ओर से विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा पंचायत के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
पंचायत विकास दिवस के इस आयोजन में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा और पंचायत के विकास को नई गति मिलेगी।

Leave a Comment