अजीत कुमार
जहानाबाद (अपना नालंदा)। बिहार रंगमंच के वरिष्ठ रंगकर्मी एवं प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता सतीश आनंद के निधन पर बिहार सरकार के कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने दिवंगत सतीश आनंद के निधन को बिहार के कला, रंगमंच एवं फिल्म जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि सतीश आनंद एक समर्पित, सृजनशील और अनुशासित कलाकार होने के साथ-साथ नई पीढ़ी के रंगकर्मियों के लिए मार्गदर्शक भी थे। उनके निधन से बिहार के रंगमंच ने एक ऐसे व्यक्तित्व को खो दिया है, जिन्होंने अपनी प्रतिभा, मेहनत और लंबे अनुभव से राज्य की नाट्य परंपरा को समृद्ध करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि सतीश आनंद ने अपने उत्कृष्ट रंगकर्म और निरंतर समर्पण के माध्यम से बिहार के रंगमंच को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में योगदान दिया। वे ‘कला संगम’ नामक नाट्य संस्था के संस्थापक थे। लगभग चार दशकों तक रंगमंच के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उन्होंने अनेक नाटकों का निर्देशन, मंचन और अभिनय किया।
मंत्री ने कहा कि सतीश आनंद का योगदान केवल रंगमंच तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने फिल्म जगत में भी अपनी अलग पहचान बनाई। उनके निधन से कला और संस्कृति के क्षेत्र में एक बड़ी रिक्तता उत्पन्न हुई है, जिसकी भरपाई करना कठिन है।
डॉ. प्रमोद कुमार ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिजनों, कलाकारों, रंगकर्मियों एवं उनके प्रशंसकों को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की कामना की।
वरिष्ठ रंगकर्मी एवं फिल्म अभिनेता सतीश आनंद के निधन पर मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने जताया शोक
Written by Sanjay Kumar
Published on:







