मुख्यमंत्री से मिले महंथ ब्रजेश मुनि, कच्ची दरगाह–विदुपुर सिक्स लेन का नाम गुरु गोविन्द सिंह जी महाराज के नाम पर रखने की मांग

Written by Sanjay Kumar

Published on:

बोले— इससे बिहार की सांस्कृतिक विरासत को मिलेगी नई पहचान, धार्मिक पर्यटन और राष्ट्रीय एकता को मिलेगा बढ़ावा

चितरंजन कुमार
पटना (अपना नालंदा)। सद्गुरु कबीर मिशन ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष एवं कबीरपंथी मठ मीठापुर के महंथ ब्रजेश मुनि ने बिहार के मुख्यमंत्री से शिष्टाचार मुलाकात कर कच्ची दरगाह–विदुपुर सिक्स लेन का नाम “श्री गुरु गोविन्द सिंह जी महाराज सिक्स लेन” रखने की मांग की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि यह नामकरण केवल एक सड़क का नाम बदलने का विषय नहीं, बल्कि बिहार की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को सम्मान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान हिन्दू जागरण मंच के विनोद कुमार यादव, तख्त श्री हरिमंदिर साहिब पटना सिटी के महेन्द्रपाल सिंह ढिल्लन तथा संजीव कुमार भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने गुरु गोविन्द सिंह जी महाराज के जीवन, उनके राष्ट्र निर्माण में योगदान तथा बिहार से उनके गहरे संबंधों का उल्लेख करते हुए इस मांग के औचित्य को विस्तार से रखा।
महंथ ब्रजेश मुनि ने अपने ज्ञापन में कहा कि दसवें सिख गुरु श्री गुरु गोविन्द सिंह जी महाराज केवल सिख समाज के ही नहीं, बल्कि पूरे भारतवर्ष के लिए प्रेरणा के महान स्रोत हैं। उन्होंने अन्याय, अत्याचार और अधर्म के विरुद्ध संघर्ष करते हुए राष्ट्र, धर्म और मानवता की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उनका साहस, त्याग, बलिदान और राष्ट्रभक्ति आज भी करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने कहा कि गुरु गोविन्द सिंह जी महाराज की जन्मस्थली पटना साहिब बिहार की पावन धरती पर स्थित है, जो विश्वभर के सिख श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है। इसके अतिरिक्त इस क्षेत्र में उनकी स्मृतियों से जुड़े अनेक ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल मौजूद हैं। उनके चारों साहिबजादों के अद्वितीय बलिदान की गाथा भारतीय इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है और यह आने वाली पीढ़ियों को देश, धर्म और मानवता के लिए समर्पण की प्रेरणा देती है।
महंथ ब्रजेश मुनि ने कहा कि यदि कच्ची दरगाह–विदुपुर सिक्स लेन का नाम “श्री गुरु गोविन्द सिंह जी महाराज सिक्स लेन” रखा जाता है, तो इससे बिहार की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई प्रतिष्ठा मिलेगी। साथ ही धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, विभिन्न समुदायों के बीच भाईचारे और राष्ट्रीय एकता की भावना मजबूत होगी तथा देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी गुरु गोविन्द सिंह जी महाराज के जीवन और उनके आदर्शों से परिचित होने का अवसर मिलेगा।
महंथ ब्रजेश मुनि ने बताया कि मुख्यमंत्री ने उनकी मांग को गंभीरता से सुना और प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए संतोषजनक आश्वासन दिया। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार इस प्रस्ताव पर संवेदनशीलता के साथ विचार करेगी और जल्द ही उचित निर्णय लेकर बिहार की गौरवशाली विरासत को सम्मान देने का कार्य करेगी।
इस पहल को सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। समर्थकों का कहना है कि गुरु गोविन्द सिंह जी महाराज के नाम पर सिक्स लेन का नामकरण होने से बिहार की ऐतिहासिक पहचान को नई मजबूती मिलेगी तथा यह सड़क केवल आवागमन का मार्ग नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, त्याग और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक बनकर आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगी।

Leave a Comment