खेलो इंडिया यूथ गेम्स: प्रियनुज और काव्या ने टेबल टेनिस में जीते स्वर्ण पदक

Written by Sanjay Kumar

Published on:

अपना नालंदा संवाददाता
राजगीर । खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 के टेबल टेनिस स्पर्धा में असम के प्रियनुज भट्टाचार्य और महाराष्ट्र की काव्या भट्ट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किए। प्रियनुज ने फाइनल मुकाबले में तमिलनाडु के पी.वी. अभिनन्ध को 4-1 से पराजित किया। पूरे मैच में उन्होंने आत्मविश्वास के साथ खेलते हुए दबदबा बनाए रखा।

Khelo India Youth Games: Priyanuj and Kavya won gold medals in table tennis

दूसरी ओर, लड़कियों के सिंगल्स फाइनल में महाराष्ट्र की काव्या भट्ट ने पहला गेम हारने के बावजूद तमिलनाडु की एम. हंसिनी को 12-14, 11-8, 11-8, 11-9, 11-9 से हराकर स्वर्ण पदक जीत लिया। उल्लेखनीय है कि इससे पहले हुए मुकाबले में काव्या हंसिनी से हार गई थीं, लेकिन इस बार उन्होंने मजबूत रणनीति अपनाते हुए शानदार वापसी की।

काव्या की इस जीत के साथ महाराष्ट्र को टेबल टेनिस की चारों स्पर्धाओं में पदक मिलना सुनिश्चित हो गया है। मुकाबले काफी रोमांचक रहे और खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला।

कांस्य पदक विजेता:
लड़कों के सिंगल्स में तमिलनाडु के बालामुरुगन मुत्थु राजशेखरन ने महाराष्ट्र के कुशाल चोपड़ा को 8-11, 5-11, 8-11 से हराकर कांस्य पदक जीता। वहीं, लड़कियों के सिंगल्स में महाराष्ट्र की दिव्यांशी भौमिक ने अपनी टीम की खिलाड़ी सुक्रति शर्मा को 12-10, 11-4, 11-6 से पराजित कर कांस्य पदक अपने नाम किया।

Leave a Comment