‘सेवा–संवाद–समाधान’ में 41 फरियादियों की सुनी गई समस्याएं, डीएम उदिता सिंह ने त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश

Written by Sanjay Kumar

Published on:

संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। नालंदा जिला प्रशासन द्वारा शुक्रवार को “सबका सम्मान–जीवन आसान” अभियान के अंतर्गत “सेवा–संवाद–समाधान” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी उदिता सिंह ने जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से पहुंचे 41 आवेदकों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना तथा उनके त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद से जुड़े कई मामले सामने आए। एक आवेदक ने रैयती जमीन में लगी मूंग की फसल को जबरन जोतकर कब्जा करने की शिकायत की, जबकि दूसरे ने जमीन की रजिस्ट्री के लिए राशि लेने के बावजूद रजिस्ट्री नहीं किए जाने का आरोप लगाया। कई आवेदकों ने दबंगों द्वारा बलपूर्वक जमीन कब्जाने, फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भूमि हड़पने तथा गलत तरीके से अमीन द्वारा मापी कराए जाने की शिकायत दर्ज कराई।
राजगीर नगर परिषद क्षेत्र के नोनही पईन पर अतिक्रमण कर सड़क निर्माण किए जाने का मामला भी जिलाधिकारी के समक्ष रखा गया। इसके अलावा भाइयों के बीच लंबित भूमि बंटवारे से संबंधित विवाद भी सुनवाई में शामिल रहा।
जिलाधिकारी ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए अपर समाहर्ता, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को जांच कर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध, निष्पक्ष और पारदर्शी समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अन्य प्राप्त आवेदनों पर भी संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

Leave a Comment