समाहरणालय का डीएम उदिता सिंह ने किया औचक निरीक्षण, समयपालन, स्वच्छता और बायोमेट्रिक उपस्थिति पर दिया जोर

Written by Sanjay Kumar

Published on:

अखिलेंद्र कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। नालंदा की जिला पदाधिकारी उदिता सिंह ने बुधवार को समाहरणालय परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर कार्यालयों की कार्यप्रणाली, कर्मचारियों की उपस्थिति, अभिलेखों के संधारण, स्वच्छता व्यवस्था तथा आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों को कार्य संस्कृति में सुधार और समयबद्ध सेवा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने जिला नजारत शाखा, जिला सामान्य शाखा, जिला आपूर्ति कार्यालय, जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय सहित अन्य कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अभिलेखों के रखरखाव, लंबित मामलों की स्थिति, कार्यालयीन व्यवस्थाओं तथा विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। संबंधित पदाधिकारियों से कार्यों की जानकारी लेते हुए उन्होंने लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने सभी कार्यालयों में नियमित एवं प्रभावी साफ-सफाई बनाए रखने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ, व्यवस्थित और नागरिक-अनुकूल कार्यालय से आम लोगों का विश्वास बढ़ता है तथा कार्य निष्पादन की गुणवत्ता में भी सुधार होता है।

उदिता सिंह ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समयपालन का कड़ाई से पालन करने तथा प्रत्येक कर्मचारी की बायोमेट्रिक उपस्थिति हर हाल में सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही कार्यपालक अभियंता, भवन प्रमंडल, नालंदा को समाहरणालय परिसर का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, विशेष कार्य पदाधिकारी (गोपनीय शाखा) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment