अखिलेंद्र कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। नालंदा की जिलाधिकारी उदिता सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को राजगीर परिसदन में श्रावणी मेला-2026 की तैयारियों एवं राजगीर में संचालित विभिन्न विकासात्मक कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, यातायात व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रावणी मेला शुरू होने से पहले सभी तैयारियां समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और समन्वित तरीके से पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
समीक्षा बैठक के बाद जिलाधिकारी ने राजगीर स्थित ब्रह्मकुंड, जरासंध अखाड़ा, आर्ट गैलरी एवं संस्कृत सक्षम उत्पाद समूह का स्थलीय निरीक्षण किया। ब्रह्मकुंड में उन्होंने स्नान घाट, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं जरासंध अखाड़ा में सौंदर्यीकरण और पर्यटक सुविधाओं की समीक्षा की।
आर्ट गैलरी में स्थानीय कला, संस्कृति एवं विरासत के संरक्षण तथा पर्यटकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का अवलोकन किया गया। संस्कृत सक्षम उत्पाद समूह के निरीक्षण के दौरान स्थानीय हस्तशिल्प एवं उत्पादों के निर्माण, प्रदर्शन और विपणन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए स्थानीय उत्पादों को अधिक बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
बैठक एवं निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजगीर, नजारत उप समाहर्ता, विशेष कार्य पदाधिकारी (गोपनीय शाखा) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
श्रावणी मेला-2026 की तैयारियों में जुटा प्रशासन, राजगीर में डीएम ने विकास कार्यों और सुविधाओं का लिया जायजा
Written by Sanjay Kumar
Published on:







