अजीत कुमार
जहानाबाद (अपना नालंदा)। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी कड़ी में परसबिगहा थाना क्षेत्र अंतर्गत करबला के निकट स्थित विवादित स्थल का जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। उनके साथ अनुमंडल पदाधिकारी राजीव रंजन सिंह, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सहित कई प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
जानकारी के अनुसार करबला के समीप स्थित भूमि को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। मोहर्रम पर्व नजदीक होने के कारण प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल हस्तक्षेप किया, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या तनाव की स्थिति पैदा न हो सके और सामाजिक सौहार्द बना रहे।

निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का बारीकी से जायजा लिया तथा दोनों पक्षों के लोगों से अलग-अलग बातचीत कर उनकी बातों को सुना। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मामले का समाधान विधिसम्मत एवं निष्पक्ष तरीके से किया जाएगा। साथ ही स्थानीय पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
जिला प्रशासन ने कहा कि किसी भी छोटे विवाद को बढ़ावा देने या उसे सांप्रदायिक रंग देने की अनुमति नहीं दी जाएगी। दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने तथा प्रशासन के साथ सहयोग करने की अपील की गई है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि मामले की जांच कर शीघ्र उचित निर्णय लिया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया गया। मोहर्रम के दौरान संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने तथा आवश्यकतानुसार अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती करने की बात कही गई। प्रशासन ने आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
जिला प्रशासन के इस त्वरित कदम से क्षेत्र में शांति एवं विश्वास का माहौल बना है तथा लोगों ने उम्मीद जताई है कि विवाद का समाधान जल्द ही आपसी सहमति और प्रशासनिक पहल से निकल जाएगा।







