ड्रोन-सीसीटीवी निगरानी सहित सुरक्षा व्यवस्था पर डीएम-एसपी ने साझा निर्देश दिए

Written by Sanjay Kumar

Published on:

संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। मंगलवार को जिलाधिकारी कुंदन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक भारत सोनी की संयुक्त अध्यक्षता में नववर्ष के अवसर पर जिलेभर में विधि-व्यवस्था, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित नववर्ष सुनिश्चित करने हेतु पूरे जिले में कड़ी निगरानी रखने पर जोर दिया गया।

जिलाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी, एसडीपीओ, सभी थानाध्यक्षों एवं यातायात प्रभारी को अलर्ट मोड में रहकर भीड़भाड़ वाले स्थानों, पर्यटन स्थलों, धार्मिक स्थलों, बाजारों एवं प्रमुख चौक-चौराहों पर पर्याप्त पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। रात्रि गश्ती बढ़ाने, असामाजिक तत्वों पर चौकसी रखने एवं किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि राजगीर, पहाड़ी क्षेत्र, लेक एवं पिकनिक स्थलों पर भारी भीड़ रहती है, इसलिए ड्रोन कैमरे, सीसीटीवी से निगरानी एवं रात्रि में स्ट्रीट लाइटें हर हाल में चालू रखी जाएं।
मद्य निषेध पदाधिकारी को पर्यटन स्थलों पर शराब व नशीले पदार्थ के सेवन पर रोक व सतत निगरानी का आदेश दिया गया। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश मिले।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नववर्ष पर भीड़ बढ़ने की संभावना के मद्देनजर सभी पुलिस अधिकारी एवं दंडाधिकारी तैनात रहेंगे। अस्पतालों, पीएचसी, सीएचसी में चिकित्सकों की उपस्थिति, एंबुलेंस एवं अग्निशमन दल को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने आदेश दिया कि पिकनिक स्थल पर आने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए लगातार पेट्रोलिंग हो तथा उनके लौटने तक निगरानी जारी रहे। मनचलों एवं उपद्रवियों पर विशेष कार्रवाई करने को कहा गया।

जिला प्रशासन ने बताया कि जिले में शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित नववर्ष मनाने हेतु सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। बैठक में अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, सभी एसडीओ, एसडीपीओ, बीडीओ, सीओ, कार्यपालक पदाधिकारी, थानाध्यक्ष‍ सहित कई अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

Leave a Comment