अखिलेंद्र कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। नालंदा जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में रविवार को कांग्रेस का 140वां स्थापना दिवस बड़े धूमधाम से मनाया गया। जिला अध्यक्ष नरेश प्रसाद अकेला के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने राजेंद्र आश्रम से गांधी मैदान तक पदयात्रा निकाली। गांधी मैदान पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा संकल्प सभा आयोजित की।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष नरेश प्रसाद अकेला ने सभी कार्यकर्ताओं को संविधान की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि बापू की नीतियों एवं विचारों को गांव-गांव तक पहुंचाकर ग्राम स्वराज के सपने को साकार करना कांग्रेसजनों की जिम्मेदारी है। अध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस की नीतियों एवं आंदोलन की बदौलत देश को आजादी मिली। पंडित जवाहरलाल नेहरू के योगदान से भारत चिकित्सा व औद्योगिक क्षेत्र में आगे बढ़ा। श्रीमती इंदिरा गांधी के नेतृत्व ने देश की एकता, अखंडता और सैन्य शक्ति को मजबूती दी। वहीं स्वर्गीय राजीव गांधी ने संचार क्रांति और पंचायत प्रणाली के माध्यम से ग्रामीण भारत को नई दिशा दी।

मनमोहन सिंह के कार्यकाल को याद करते हुए उन्होंने कहा कि आर्थिक संकट से उबारने में उनका योगदान आज भी मिसाल है। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस जिंदाबाद के नारे लगाए और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस मौके पर मोहम्मद हैदर आलम, सरफराज मलिक, नंदू पासवान, रणधीर रंजन , नवीन कुमार सहित कई बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे।






