हिलसा में कॉमरेड विनोद मिश्र की स्मृति में संकल्प सभा आयोजित

Written by Sanjay Kumar

Published on:

हिलसा (अपना नालंदा)। भाकपा (माले) के पूर्व महासचिव कॉमरेड विनोद मिश्र की 27वीं स्मृति दिवस देशभर के साथ-साथ हिलसा प्रखंड क्षेत्र में भी श्रद्धा और संकल्प के साथ मनाई गई। इस अवसर पर अकबरपुर गांव में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनकी तस्वीर पर सामूहिक रूप से पुष्प अर्पित कर लाल सलाम किया। कार्यक्रम के दौरान “सांप्रदायिक-फासीवादी ताकतों को शिकस्त दो”, “शहीदों के सपनों का भारत बनाओ” जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा। दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई तथा पार्टी की केंद्रीय कमिटी द्वारा जारी संकल्प पत्र का सामूहिक पाठ किया गया।
संकल्प सभा को संबोधित करते हुए भाकपा (माले) पंचायत प्रभारी ब्रह्मदेव प्रसाद ने कॉमरेड विनोद मिश्र के संघर्षपूर्ण जीवन और वर्तमान राजनीतिक हालात पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हालिया चुनावी सफलताओं से उत्साहित होकर केंद्र सरकार ने फासीवादी हमलों को तेज कर दिया है। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के नाम पर मतदाता सूची से नाम काटने की मुहिम चल रही है। नए श्रम कानूनों और शिक्षा के निजीकरण से मजदूरों और छात्रों पर कॉरपोरेट नियंत्रण बढ़ाया जा रहा है, जबकि संघीय ढांचे पर हमले और सांप्रदायिक ध्रुवीकरण को गहरा किया जा रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि कॉरपोरेटपरस्त नीतियों ने आम लोगों की जिंदगी संकट में डाल दी है। भाजपा-जदयू सरकार बुलडोजर राज कायम करने का प्रयास कर रही है। ऐसे समय में निर्णायक आंदोलनों के लिए पूरी ताकत एकजुट करने की जरूरत है। कॉमरेड विनोद मिश्र का सपना जनता के हाथों में वास्तविक सत्ता और नागरिकों की पूर्ण आज़ादी का था, जिसे मजबूत और विस्तारित पार्टी संगठन के माध्यम से ही पूरा किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान इंकलाबी नौजवान सभा और भाकपा (माले) के साथियों को ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं बताईं, जिनमें विधवा पेंशन, वृद्धा पेंशन, आवास और आवास निर्माण हेतु जमीन की कमी प्रमुख रही। सभा में राजेंद्र दास, क्रांति प्रकाश, भीम बिंद, बुद्धू मांझी, कमलेश पासवान, संतोष पासवान, बाल्मीकि कुमार, कन्हैया कुमार सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।

Leave a Comment