प्राथमिक विद्यालय जैतीपुर में विद्यालय शिक्षा समिति का पुनर्गठन, लाछो देवी बनीं सचिव

Written by Sanjay Kumar

Published on:

चितरंजन कुमार
चंडी (अपना नालंदा)। प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय जैतीपुर में मंगलवार को विद्यालय शिक्षा समिति का पुनर्गठन शांतिपूर्ण एवं सर्वसम्मति से किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों की माताओं एवं अभिभावकों की आमसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पंचायत चंडी के वार्ड संख्या-01 की वार्ड पार्षद कंचन कुमारी ने की, जबकि संकुल समन्वयक वीरेश कुमार ने पर्यवेक्षक की भूमिका निभाई।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक रौशन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि समिति में विभिन्न वर्गों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सदस्यों का चयन किया गया। अति पिछड़ा वर्ग से लाछो देवी और निर्मला देवी, अनुसूचित जाति से रूबी देवी और कौशिल्या देवी, जीविका समूह से सोनी देवी और रेणु देवी को समिति का सदस्य बनाया गया।

बाल प्रतिनिधित्व के लिए बाल संसद के उप-प्रधानमंत्री कुणाल कुमार और मीना मंच से कक्षा पाँच की छात्रा संजना कुमारी को शामिल किया गया। प्रधानाध्यापक ने यह भी बताया कि सामान्य वर्ग, पिछड़ा वर्ग एवं दिव्यांगता कोटि से किसी छात्र या छात्रा का नामांकन विद्यालय में न होने के कारण इन वर्गों से कोई सदस्य नहीं चुना जा सका। साथ ही, भूमि दाता या उनके किसी प्रतिनिधि की उपस्थिति नहीं होने के कारण यह पद भी रिक्त रह गया।

सभी चयनित सदस्यों की सर्वसम्मति से लाछो देवी को समिति की सचिव चुना गया। वहीं वार्ड पार्षद कंचन कुमारी पदेन अध्यक्ष, प्रधानाध्यापक रौशन कुमार पदेन सदस्य तथा वरिष्ठ शिक्षिका कुमारी तनुजा सिन्हा को वरिष्ठ शिक्षक सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में माताओं ने लिया भाग
इस अवसर पर बड़ी संख्या में माताएं उपस्थित रहीं जिनमें प्रमुख रूप से पुनम कुमारी, रानी कुमारी, फूलमंती देवी, राधिया देवी, कोसम देवी, रजमती देवी, संगीता देवी, पिंकी देवी, शांति देवी, निर्मला देवी, मन्नी देवी, पुष्पा कुमारी सहित अन्य महिलाएं शामिल थीं।

Leave a Comment