दबंगों का तांडव: जमीन हड़पने की नीयत से वृद्ध महिला को पीटा, हालत गंभीर

Written by Sanjay Kumar

Published on:

अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ । अस्थावां थाना क्षेत्र के अस्थावां बाजार में दबंगई की एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां गांव के ही कुछ दबंगों ने एक असहाय वृद्ध महिला को जमीन हड़पने की नीयत से बेरहमी से पीट डाला। गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वे चिकित्सकों की देखरेख में हैं।

घायल महिला की पहचान महेंद्र यादव की पत्नी 42 वर्षीय संजू देवी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार संजू देवी के पति मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं और उनके दोनों पुत्र भी मानसिक बीमारी से ग्रसित हैं। इसी असहाय परिस्थिति का फायदा उठाते हुए गांव के दबंग बिंदा यादव और उनके पुत्र मुकेश यादव ने संजू देवी पर दबाव बनाना शुरू किया कि वे अपनी 10 से 12 कट्ठा जमीन उनके नाम कर दें।

आरोप है कि जब संजू देवी ने जमीन देने से इनकार किया तो दोनों ने मिलकर उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल अवस्था में परिजनों ने उन्हें आनन-फानन में बिहारशरीफ सदर अस्पताल पहुंचाया।

घटना को लेकर पीड़िता की बेटी प्रियंका देवी ने बताया कि आरोपी पूर्व में भी कई आपराधिक मामलों में संलिप्त रहे हैं और जेल जा चुके हैं। गांव में उनका खौफ बना हुआ है और वे अक्सर लोगों को धमकाते रहते हैं।

इस मामले में अस्थावां थानाध्यक्ष लाल मुनी दुबे ने बताया कि अभी तक किसी प्रकार की लिखित शिकायत नहीं मिली है। आवेदन मिलने पर कानून सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment