सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत खंदकपर स्थित कल्याण छात्रावास में हुआ आयोजन
अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ। संविधान निर्माता, भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती की पूर्व संध्या पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा रविवार को सेवा पखवाड़ा (13-25 अप्रैल) कार्यक्रम के तहत बिहारशरीफ के खंदकपर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर कल्याण छात्रावास परिसर में उनकी प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री संजय रविदास ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर ने छुआछूत, ऊंच-नीच और सामाजिक भेदभाव के विरुद्ध आजीवन संघर्ष किया। उन्होंने सामाजिक समरसता की स्थापना की दिशा में अथक प्रयास किए और शिक्षा के महत्व को जीवन का मूलमंत्र बताया। आज हम सभी भाजपा कार्यकर्ता उनके महान योगदान को स्मरण करते हुए दीप प्रज्वलित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।
कार्यक्रम में भाजपा जिला मंत्री डॉ. अशुतोष कुमार, जिला मीडिया सह प्रभारी एवं पूर्व नगर अध्यक्ष अमरेश कुमार, नगर अध्यक्ष (पूर्वी) शशिकला सिन्हा, रामजतन आर्य सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




