धान लूटने के विवाद में तीन लोगों पर जानलेवा हमला, 30-40 बदमाशों ने लाठी-डंडे और रॉड से पीटकर किया अधमरा

Written by Sanjay Kumar

Published on:

विजय प्रकाश उर्फ पिन्नू
नूरसराय (अपना नालंदा)। नालंदा जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र में बदमाशों का दुस्साहस सामने आया है। मंगलवार की शाम मुजफ्फरपुर रेलवे अंडरपास के समीप दर्जनों लोगों ने ट्रैक्टर मालिक, चालक और मजदूर पर लाठी-डंडे एवं लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस हमले में तीनों लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। बदमाश ट्रैक्टर पर लदे चार बोरा धान भी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घायलों की पहचान चंडासी गांव निवासी सुखी महतो के 46 वर्षीय पुत्र संतोष कुमार, टुन्नी यादव के 30 वर्षीय पुत्र निक्की कुमार तथा शंकरपुर झामा गांव निवासी दर्शन पासवान के 23 वर्षीय पुत्र रंजीत कुमार के रूप में की गई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को इलाज के लिए नूरसराय अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मॉडल अस्पताल रेफर कर दिया।

मेहनताना में मिले धान को लेकर हुआ विवाद

घायल मजदूर ने बताया कि वे लोग सिरसिया बिगहा गांव से धान की दौनी कर ट्रैक्टर से वापस लौट रहे थे। धान की दौनी करने के बदले मेहनताना के रूप में मिले चार बोरा धान को ट्रैक्टर पर लादकर चंडासी गांव जा रहे थे। इसी दौरान मुजफ्फरपुर रेलवे अंडरपास के पश्चिमी छोर के पास ट्रैक्टर रोककर वे लोग पेशाब करने लगे।

इसी बीच चार-पांच बदमाश वहां पहुंचे और ट्रैक्टर पर लदे धान के बोरे उतारकर ले जाने लगे। जब तीनों ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते हमलावरों की संख्या बढ़ने लगी।

30-40 की संख्या में पहुंचे हमलावर, तीनों को बेरहमी से पीटा

पीड़ितों के अनुसार, कुछ ही देर में चूहड़मल और नौ पेडिया की ओर से करीब 30 से 40 लोग वहां पहुंच गए। इसके बाद सभी ने मिलकर तीनों पर लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में तीनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हमलावरों ने उन्हें बेरहमी से पीटकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। इसके बाद ट्रैक्टर पर लदे चार बोरा धान लेकर सभी मौके से फरार हो गए।

मुखिया ने ग्रामीणों के साथ पहुंचकर घायलों को पहुंचाया अस्पताल

घटना की जानकारी मिलते ही चंडासी गांव की मुखिया अनु सिंह दर्जनों ग्रामीणों के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। नूरसराय थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गई। मुखिया ने ग्रामीणों के सहयोग से तीनों घायलों को इलाज के लिए नूरसराय अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।

इस संबंध में नूरसराय थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि घटना की जांच और अनुसंधान जारी है। हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है।

घटना के बाद इलाके में तनाव और भय का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से हमले में शामिल सभी आरोपितों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी करने तथा पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग की है।

Leave a Comment