विजय प्रकाश उर्फ पिन्नू
नूरसराय (अपना नालंदा)। आपदा की वजह से परिवार के कमाऊ सदस्य की मृत्यु हो जाने पर उस परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो जाता है। ऐसे कठिन समय में सरकार की ओर से दी जाने वाली आर्थिक सहायता पीड़ित परिवारों के लिए बड़ा सहारा साबित होती है। सरकारी खजाने पर पहला हक आपदा पीड़ित परिवारों का है। उक्त बातें जदयू के वरिष्ठ नेता एवं समाजसेवी राजेंद्र प्रसाद ने मंगलवार को नूरसराय प्रखंड के मेयार गांव में पारिवारिक लाभ योजना के तहत चेक वितरण कार्यक्रम के दौरान कहीं।
उन्होंने कहा कि किसी परिवार में जब कमाने वाले सदस्य की असमय मृत्यु हो जाती है तो पूरा परिवार आर्थिक और मानसिक रूप से टूट जाता है। परिवार के सामने रोजी-रोटी, बच्चों की पढ़ाई और अन्य जरूरी जरूरतों को पूरा करने की चुनौती खड़ी हो जाती है। ऐसी स्थिति में सरकार की ओर से मिलने वाली आर्थिक सहायता पीड़ित परिवार को मुश्किल समय से उबरने में मदद करती है। सरकार का उद्देश्य है कि संकट की घड़ी में कोई भी पीड़ित परिवार खुद को असहाय महसूस न करे।
कार्यक्रम के दौरान मेयार गांव में पारिवारिक लाभ योजना के तहत दो पीड़ित परिवारों के बीच 20-20 हजार रुपये का चेक वितरित किया गया। चेक प्राप्त करने वालों में मेयार गांव निवासी जितेंद्र कुमार एवं अविनाश कुमार शामिल हैं। दोनों लाभार्थियों को कुल 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) जियाउल हक ने कहा कि सरकार की मंशा स्पष्ट है कि आपदा से प्रभावित परिवारों को हर हाल में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। परिवार के कमाऊ सदस्य की मृत्यु होने पर उत्पन्न आर्थिक कठिनाइयों को कम करने के लिए पारिवारिक लाभ योजना संचालित की जा रही है। इसके माध्यम से पात्र पीड़ित परिवारों को आर्थिक मदद दी जाती है, ताकि वे विपरीत परिस्थितियों में अपना जीवन आगे बढ़ा सकें।
उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद और पात्र लोगों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इस तरह की सहायता से पीड़ित परिवारों को कठिन समय में कुछ आर्थिक संबल मिलता है।
मौके पर जदयू नेता चिंटू कुमार, शेखर कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को सहायता राशि का चेक सौंपा गया।







