संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। बाल विवाह जैसी गंभीर सामाजिक कुरीति को जड़ से समाप्त करने तथा नालंदा जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने के उद्देश्य से बुधवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार, बिहारशरीफ के परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। आइडिया संस्था, जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) एवं प्रयास संस्था के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस बैठक में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने और 27 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय जबरन बाल विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले 100 दिवसीय कार्यक्रम की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव राजेश कुमार गौरव एवं आइडिया संस्था की निदेशक रागिनी कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। बैठक में विभिन्न संबंधित विभागों के पदाधिकारियों, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों एवं बाल संरक्षण से जुड़े लोगों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान बाल विवाह को समाज के विकास में बाधक बताते हुए इसे पूरी तरह समाप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता पर बल दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि बाल विवाह केवल एक सामाजिक कुरीति नहीं, बल्कि बच्चों के मौलिक अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य, सम्मान और सुरक्षित भविष्य पर सीधा प्रहार है। कम उम्र में विवाह होने से बच्चों का शारीरिक एवं मानसिक विकास प्रभावित होता है। विशेषकर बालिकाओं की शिक्षा बाधित होती है और उन्हें कम उम्र में ही कई प्रकार की सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।


इस अवसर पर 100 दिवसीय अभियान के अंतर्गत जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाने की रणनीति तैयार करने पर विचार-विमर्श किया गया। इसके तहत विद्यालयों, पंचायतों, आंगनबाड़ी केंद्रों, सामुदायिक स्थलों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों तथा इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी देने पर जोर दिया गया। साथ ही किशोर-किशोरियों, अभिभावकों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और समुदाय के प्रभावशाली लोगों को अभियान से जोड़ने की बात कही गई।
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि बाल विवाह की रोकथाम केवल प्रशासन या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आना होगा। प्रशासन, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, बाल कल्याण समिति और सामाजिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर इस अभियान को प्रभावी बनाया जा सकता है।
आइडिया संस्था की निदेशक रागिनी कुमारी ने अभियान की सफलता के लिए सभी संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों से सक्रिय सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि जागरूकता और सामूहिक भागीदारी के माध्यम से ही बाल विवाह जैसी कुप्रथा पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है। वहीं, बैठक में शामिल प्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने स्तर से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग देने की प्रतिबद्धता जताई।
बैठक का मुख्य उद्देश्य नालंदा जिले में बाल विवाह के विरुद्ध एक मजबूत सामाजिक वातावरण तैयार करना, बच्चों के अधिकारों की रक्षा करना तथा जागरूकता के माध्यम से इस कुप्रथा पर पूर्ण विराम लगाना है।
इस मौके पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव राजेश कुमार गौरव, आइडिया संस्था की निदेशक रागिनी कुमारी, प्रयास संस्था के राज्य समन्वयक जितेन्द्र कुमार, महिला विकास निगम के कैलाश कुमार, धनंजय कुमार, बाल कल्याण समिति एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि सहित आइडिया संस्था के मंटू कुमार, उज्ज्वल कुमार तथा अन्य संबंधित लोग उपस्थित थे।







