पटना (अपना नालंदा)। इवेंटजिक मीडिया एवं इवेंटजिक मीडिया आउटडोर के संयुक्त तत्वावधान में होटल मौर्या, पटना में बिहार वूमेन्स अचीवर अवार्ड सीजन-2 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, चिकित्सा, समाजसेवा, उद्यमिता, सामाजिक कार्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली बिहार की प्रतिभावान महिलाओं को सम्मानित किया गया। समारोह में महिला सशक्तीकरण, शिक्षा और आत्मनिर्भरता के महत्व पर भी वक्ताओं ने अपने विचार रखे।
कार्यक्रम का उद्घाटन उच्च शिक्षा विभाग एवं विधि विभाग के मंत्री संजय सिंह टाइगर ने किया। विधान परिषद सदस्य संजय मयूख, बिहार महिला आयोग की अध्यक्ष अप्सरा, पटना की पूर्व महापौर सीता साहू, समाजसेवी डॉ. कुमार राजेश रंजन, समाजसेवी किसलय किशोर तथा कार्यक्रम संयोजक चंदन राज ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह की शुरुआत की।
मंत्री संजय सिंह टाइगर ने कहा कि महिलाएं आज जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय दे रही हैं। उन्होंने कहा कि जिस समाज में महिलाएं शिक्षित और सशक्त होती हैं, उस समाज की प्रगति तेज होती है। उन्होंने बिहार की प्रतिभावान महिलाओं को मंच प्रदान कर सम्मानित करने की पहल की सराहना की।
संजय मयूख ने कहा कि देश की बेटियां खेल, शिक्षा, व्यवसाय और सामाजिक क्षेत्र सहित राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार द्वारा विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

बिहार महिला आयोग की अध्यक्ष अप्सरा ने कहा कि महिलाओं की शिक्षा बेहद जरूरी है। परिवार और समाज से उचित प्रोत्साहन मिलने पर महिलाएं अपनी रुचि के क्षेत्र में आगे बढ़कर सफलता हासिल कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि बिहार की महिलाएं शिक्षा, सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
कार्यक्रम संयोजक चंदन राज ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य उन महिलाओं को सम्मानित करना है, जिन्होंने अपने कार्य, प्रतिभा और समर्पण से बिहार का नाम रोशन किया है।
समारोह में चिकित्सा क्षेत्र से डॉ. अमृता सिन्हा, समाजसेवा के क्षेत्र से पूजा सिंह, युवा उद्यमिता के क्षेत्र से अर्चना सिंह सहित पुष्पांजलि, श्रद्धा सुमन, नेहा कुमारी, डॉ. मधुलिका पांडे, शिवानी सिन्हा, रजनी वर्णवाल, लक्ष्मी बजाज, अलका कुमारी, पायल सिंह, रुचि राज, गीतावली सिन्हा, विभा देवी, तृषा भट्टाचार्य, खुशी कुमारी, मयूरी सिन्हा और लवली को विभिन्न क्षेत्रों में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में डॉ. अमरीन खान, सदस्य, हिंदी सलाहकार समिति, भाषा विभाग, गृह मंत्रालय, भारत सरकार तथा प्रसिद्ध समाजसेवी एवं लेखक किसलय किशोर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में राहुल चंद्रवंशी, मनीष कुमार और सीए गौतम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मंच का संचालन एंकर शालिनी मिश्रा ने किया। आयोजन के प्रायोजकों में रुद्र सोलर कंपनी, एसआरपी ज्वेलर्स, जस्टिस लॉ क्लासेस, मौर्या बिहार कंपनी और अहाना स्टेट शामिल रहे, जबकि बीजफ्लाई टेक्नोलॉजी और अमोली स्टूडियो ने कार्यक्रम को सहयोग प्रदान किया।
समारोह में सम्मानित महिलाओं ने अपनी उपलब्धियों और अनुभवों को साझा करते हुए अन्य महिलाओं को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम ने महिला प्रतिभा, आत्मविश्वास और सामाजिक योगदान को मंच देने के साथ बिहार में महिला सशक्तीकरण की दिशा में सकारात्मक संदेश दिया।







