वेंडिंग जोन और पुनर्वास की मांग पर 7 अक्टूबर को नगर परिषद घेरेंगे फुटपाथ दुकानदार

Written by Sanjay Kumar

Published on:

संजय कुमार

बिहारशरीफ (नालंदा)। अंतरराष्ट्रीय पर्यटन नगरी राजगीर में फुटपाथ दुकानदारों ने अपनी रोजी-रोटी और पुनर्वास के मुद्दे को लेकर आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है। नालंदा फुटपाथ दुकानदार अधिकार मंच, शाखा राजगीर की मासिक बैठक रविवार को अजातशत्रु होटल के सभागार में आयोजित हुई। बैठक में शहर के विभिन्न इलाकों से बड़ी संख्या में फुटपाथ दुकानदार शामिल हुए और अपनी समस्याओं को लेकर आवाज बुलंद की।

बैठक को संबोधित करते हुए मंच के राज्य समन्वयक सह भाजपा नेता एवं पटना हाई कोर्ट के अधिवक्ता डॉ. अमित कुमार पासवान ने कहा कि फुटपाथ दुकानदारों को आए दिन अतिक्रमण के नाम पर परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद की नगर विक्रय समिति की बैठक में दुकानदारों के पुनर्वास का प्रस्ताव पारित हो चुका है, इसके बावजूद अब तक उन्हें व्यवस्थित तरीके से पुनर्वासित नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि दुकानदारों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए।

बैठक की अध्यक्षता मंच के अध्यक्ष एवं समाजसेवी रमेश कुमार पान ने की, जबकि संचालन कार्यकारी अध्यक्ष गोपाल भदानी ने किया। बैठक में फुटपाथ दुकानदारों की आर्थिक स्थिति, अतिक्रमण अभियान और नगर परिषद की ओर से पुनर्वास की प्रक्रिया में देरी को लेकर चर्चा की गई।

7 अक्टूबर को नगर परिषद का घेराव

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि दुकानदारों की मांगों पर नगर परिषद की ओर से कार्रवाई नहीं की गई तो आगामी 7 अक्टूबर 2026 को नगर परिषद, राजगीर का घेराव किया जाएगा। मंच ने पांच प्रमुख मांगों को लेकर आंदोलन की घोषणा की है।

दुकानदारों की पहली मांग है कि पथ विक्रेता (जीविका संरक्षण और पथ विक्रय विनियमन) अधिनियम, 2014 के तहत गठित नगर विक्रय समिति की बैठक नियमित रूप से आयोजित की जाए। दूसरी मांग के तहत राजगीर के विभिन्न क्षेत्रों में वेंडिंग जोन चिन्हित कर फुटपाथ दुकानदारों को सम्मानजनक तरीके से पुनर्वासित करने की मांग की गई।

तीसरी मांग टाउन प्लानिंग कमिटी में फुटपाथ दुकानदारों के निर्वाचित प्रतिनिधि को शामिल करने की है, ताकि शहर के विकास की योजनाओं में उनके हितों को भी स्थान मिल सके। चौथी मांग DAY-NULM योजना के तहत सिटी मिशन मैनेजर की स्थायी बहाली की है। पांचवीं मांग फुटपाथ दुकानदारों के वेंडिंग कार्ड का समय पर नवीनीकरण करने की है।

दुकानदारों ने कहा—रोजगार का स्थायी समाधान जरूरी

मंच के वरिष्ठ नेता उमराव प्रसाद निर्मल ने कहा कि फुटपाथ दुकानदार लंबे समय से पुनर्वास की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दुकानदारों को हटाने के बजाय उनके लिए स्थायी वेंडिंग जोन विकसित किया जाना चाहिए।

वहीं नगर परिषद की पूर्व मुख्य पार्षद प्रत्याशी एवं समाजसेवी अनिता कुमारी गुप्ता ने कहा कि वह फुटपाथ दुकानदारों की परेशानियों को समझती हैं और उनके सुख-दुख में साथ खड़ी रहेंगी।

डॉ. अमित कुमार पासवान ने कहा कि फुटपाथ दुकानदार शहर की अर्थव्यवस्था और पर्यटन व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उनके अनुसार, व्यवस्थित वेंडिंग जोन बनने से दुकानदारों को रोजगार की सुरक्षा मिलेगी और शहर की व्यवस्था भी बेहतर हो सकती है।

बैठक में राजू साव, शंकर कुमार, दुर्गा प्रसाद, अरुण कुमार, गोपाल यादव, टकल कुमार, रेखा देवी, भूषण कुमार, चिंता देवी, मदन बनारसी, शैलेंद्र कुमार, उमाशंकर यादव, प्रेमपाल कुमार, नीलम देवी, विमला देवी समेत सैकड़ों फुटपाथ दुकानदार मौजूद रहे। सभी ने 7 अक्टूबर के प्रस्तावित घेराव को सफल बनाने का संकल्प लिया।

Leave a Comment