अखिलेंद्र कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। पटना स्नातक एवं पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस द्वारा घोषित प्रत्याशियों डॉ. असदुल्लाह खान एवं डॉ. संजय कुमार यादव के चुनाव को लेकर नालंदा जिला कांग्रेस कमिटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष विवेक कुमार सिन्हा ने की। इस दौरान आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाताओं से संपर्क स्थापित करने, चुनावी तैयारियों को मजबूत करने तथा पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में जनसंपर्क अभियान चलाने को लेकर रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। कार्यकर्ताओं ने चुनाव को लेकर अपने सुझाव भी साझा किए।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष विवेक कुमार सिन्हा ने कहा कि पटना स्नातक एवं पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में नालंदा जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंचने और पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में जनसंपर्क अभियान को गति देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता पूरी एकजुटता के साथ चुनावी अभियान में जुटेंगे और दोनों प्रत्याशियों के समर्थन में मतदाताओं से संपर्क करेंगे।
बैठक में जिला कांग्रेस कमिटी के पदाधिकारी एवं नेता अजय कुमार पांडेय, नंदू पासवान, इंजीनियर टीपू, असगर भारती, अधिवक्ता मो. इम्तियाज, मो. उस्मान गनी, नंदू प्रसाद, मणिशंकर झा, मोहम्मद नजमी इम्तियाज और अजीत राज सहित कई कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







