हरनौत में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, नाबालिग समेत सात गिरफ्तार

Written by Sanjay Kumar

Published on:

हरिओम कुमार

हरनौत (अपना नालंदा)। बिहार में पूर्ण शराबबंदी को प्रभावी ढंग से लागू कराने को लेकर नालंदा पुलिस द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को हरनौत थाना क्षेत्र के माधोपुर-सबनहुआ एवं बबन बिगहा गांव में सदर डीएसपी-2 राकेश कुमार रंजन के नेतृत्व में सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने 75 लीटर अवैध देसी चुलाई शराब बरामद करने के साथ करीब 500 लीटर अर्द्धनिर्मित शराब को मौके पर ही नष्ट कर दिया। पुलिस ने शराब बनाने में प्रयुक्त कई सामान भी जब्त किए हैं।

हरनौत थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर मुकेश कुमार वर्मा ने बताया कि अवैध शराब की बरामदगी और चिन्हित हॉटस्पॉट पर कार्रवाई के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। टीम में हरनौत थाना के अलावा चेरो और गोखुलपुर थाना के थानाध्यक्ष एवं पुलिस पदाधिकारी शामिल थे। पुलिस टीम ने माधोपुर-सबनहुआ तथा बबन बिगहा में बगीचों और अन्य गुप्त स्थानों पर छिपाकर रखी गई शराब की तलाशी ली।

छापेमारी के दौरान माधोपुर-सबनहुआ में करीब 200 लीटर तथा बबन बिगहा में करीब 300 लीटर अर्द्धनिर्मित शराब विभिन्न बर्तनों में रखी मिली। पुलिस ने बरामद अर्द्धनिर्मित शराब को मौके पर ही नष्ट कर दिया। इसके अलावा शराब बनाने में इस्तेमाल किए जा रहे ड्रम, तसला, बर्तन और अन्य सामग्री को जब्त किया गया।

पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान मौके से सात लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें तीन महिलाएं और चार पुरुष शामिल हैं। गिरफ्तार लोगों में सबनहुआ-बबन बिगहा निवासी धर्मवीर मांझी की पत्नी प्रतिमा देवी, बिन्दे मांझी की पत्नी सरिता देवी, कमलेश मांझी की पत्नी कंचन देवी तथा छोटे मांझी के पुत्र पवन कुमार शामिल हैं। वहीं नेमचंदबाग मुशहरी टोला निवासी बिजेन्द्र मांझी के पुत्र प्रीतम मांझी, टुन्नी मांझी के पुत्र संजन मांझी तथा एक विधि-विरुद्ध बालक को भी पुलिस ने पकड़ा है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों के विरुद्ध मद्य निषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। अभियान में सदर डीएसपी-2 राकेश कुमार रंजन, हरनौत थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर मुकेश कुमार वर्मा सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।

एक दिन पहले गोलीकांड से जुड़ा था इलाका

इसी क्षेत्र के माधोपुर-सबनहुआ में शनिवार की शाम गोली चलने की घटना भी सामने आई थी। बताया गया कि फायरिंग के दौरान एक ही गोली के छर्रे से चार लोग घायल हुए थे। घायलों में मुकेश बिंद, सोहन बिंद और सुनीता देवी सहित अन्य लोग शामिल बताए गए हैं।

पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए फायरिंग के मुख्य आरोपी बताए जा रहे टिंकू यादव को घटना में प्रयुक्त हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार घटना से पहले आरोपी शराब के नशे में था और दोपहर से ही हंगामा कर रहा था। इसके बाद शाम में फायरिंग की घटना हुई।

एक दिन के अंतराल में उसी इलाके में शराब के खिलाफ बड़ी छापेमारी और गोलीकांड में हथियार बरामदगी को लेकर पुलिस की कार्रवाई चर्चा में है। पुलिस का कहना है कि शराब के अवैध कारोबार और इससे जुड़े आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Comment