हरिओम कुमार
हरनौत (अपना नालंदा)। डिहरी पंचायत के पैक्स अध्यक्ष एवं आम आदमी पार्टी के नेता प्रो. (डॉ.) हिमांशु कुमार पटेल ने शनिवार को पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अपना नामांकन दाखिल किया। उन्होंने पटना स्थित आयुक्त कार्यालय में नामांकन पत्र जमा किया। इस दौरान बड़ी संख्या में उनके समर्थक मौजूद रहे।
नामांकन के बाद प्रो. पटेल ने कहा कि स्नातक मतदाताओं के हक, शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाना उनका प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव शिक्षित मतदाताओं की आवाज को सामने रखने का अवसर है। शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं, पुस्तकालयों तथा युवाओं से जुड़ी अन्य सुविधाओं के मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाने की बात उन्होंने कही।

उन्होंने जाति, धर्म और राजनीतिक दलों से ऊपर उठकर मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि यह शिक्षित युवाओं से जुड़ा चुनाव है। मतदाताओं को अपने विवेक से मतदान करना चाहिए। उन्होंने शिक्षा का माहौल बेहतर बनाने और युवाओं के लिए रोजगार एवं अवसर बढ़ाने से जुड़े कई कार्यों को अपनी प्राथमिकता बताया।
गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी ने बिहार विधान परिषद के 2026 के द्विवार्षिक चुनाव में चार सीटों के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा की है। पार्टी ने पटना स्नातक सीट से हिमांशु पटेल, दरभंगा शिक्षक सीट से शंभूनाथ ठाकुर, तिरहुत स्नातक सीट से ऋषि अग्रवाल और कोसी स्नातक सीट से अधिवक्ता मैथ्यू देव को उम्मीदवार बनाया है।

नामांकन के दौरान बिहार सरकार की सेवानिवृत्त पदाधिकारी उमा दफ्तुर, पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शिव सत्य प्रभाकर, युवा प्रदेश उपाध्यक्ष सन्नी पटेल, प्रदेश महासचिव आशीष पटेल सहित अन्य समर्थक मौजूद रहे। गांधी मैदान स्थित बिस्कोमान टावर के नीचे से साहिल यादव, रौशन यादव, सुधांशु कुमार, शिव कुमार सिंह, सौरभ सिंह, बैजू यादव तथा पटना विश्वविद्यालय के छात्र नेताओं सहित बड़ी संख्या में समर्थक उनके साथ पटना पहुंचे।
बिहार विधान परिषद के संबंधित स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 23 अक्टूबर 2026 को मतदान निर्धारित है।







