विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान को एसएस कॉलेज में लगा विद्यार्थी सहयोग शिविर

Written by Sanjay Kumar

Published on:

डीएम-एसपी की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजन, शिकायतों का अधिकतम 30 दिनों में होगा निस्तारण

अजीत कुमार
जहानाबाद (अपना नालंदा)। बिहार सरकार के निर्देश के आलोक में विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं संस्थागत समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से जहानाबाद जिले में प्रत्येक माह के चतुर्थ मंगलवार को “विद्यार्थी सहयोग शिविर” आयोजित किया जाएगा। इसी क्रम में 25 अगस्त 2026 को जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक, जहानाबाद की संयुक्त अध्यक्षता में एस.एस. कॉलेज, जहानाबाद में विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया।


शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी शैक्षणिक, संस्थागत एवं अन्य संबंधित समस्याओं को सीधे प्रशासन के समक्ष रखने के लिए एक प्रभावी मंच उपलब्ध कराना है। इस दौरान विद्यार्थी अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को दर्ज करा सकेंगे। साथ ही, महाविद्यालय एवं शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार के लिए अपने महत्वपूर्ण सुझाव भी प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत कर सकेंगे।
प्रशासन की ओर से प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं का नियमानुसार परीक्षण कर उनका यथासंभव त्वरित समाधान सुनिश्चित करने की व्यवस्था की गई है। विद्यार्थियों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायतों के अधिकतम 30 दिनों के भीतर निस्तारण का लक्ष्य रखा गया है, ताकि विद्यार्थियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।
शिविर के सफल आयोजन और विद्यार्थियों की शिकायतों के समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान को लेकर सभी संबंधित विभागों एवं शैक्षणिक संस्थानों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया कि विद्यार्थियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विद्यार्थी सहयोग शिविर के माध्यम से प्रशासन और विद्यार्थियों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। इससे न केवल विद्यार्थियों की समस्याओं की पहचान और उनके समाधान में मदद मिलेगी, बल्कि शैक्षणिक संस्थानों में बेहतर वातावरण तैयार करने और शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में भी सहायता मिलेगी।
प्रशासन का मानना है कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना प्राथमिकता है। नियमित रूप से आयोजित होने वाले इस शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी बात रखने का अवसर मिलेगा तथा संबंधित अधिकारियों को जमीनी स्तर पर सामने आ रही समस्याओं की जानकारी प्राप्त होगी।
जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे अपनी शैक्षणिक एवं संस्थागत समस्याओं के समाधान के लिए इस पहल का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा अपनी शिकायतों एवं सुझावों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत शिविर में दर्ज कराएं।

Leave a Comment