राजगीर जू सफारी में बड़ी सुविधा: अब उसी दिन ऑनलाइन बुक करें टिकट, रियल-टाइम सिस्टम हुआ शुरू

Written by Sanjay Kumar

Published on:

.

संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। बिहार के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल राजगीर जू सफारी आने वाले पर्यटकों के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। अब पर्यटकों को जू सफारी घूमने के लिए एक दिन पहले टिकट बुक कराने की बाध्यता नहीं रहेगी। जू सफारी प्रशासन ने पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रियल-टाइम ऑनलाइन टिकट बुकिंग प्रणाली की शुरुआत कर दी है। इस नई व्यवस्था के तहत पर्यटक उसी दिन ऑनलाइन टिकट बुक कर उपलब्ध स्लॉट में जू सफारी का आनंद ले सकेंगे।

अब तक जू सफारी भ्रमण के लिए पर्यटकों को कम-से-कम एक दिन पहले ऑनलाइन टिकट बुक कराना अनिवार्य था। यदि किसी पर्यटक ने पहले से टिकट बुक नहीं किया होता, तो उसे उसी दिन पार्किंग संख्या-05 स्थित टिकट काउंटर पर लंबी कतार में लगकर टिकट लेना पड़ता था। छुट्टियों, सप्ताहांत और त्योहारों के दौरान भारी भीड़ के कारण कई पर्यटकों को टिकट नहीं मिल पाता था। नई व्यवस्था लागू होने के बाद यह परेशानी काफी हद तक समाप्त हो जाएगी।

नई रियल-टाइम ऑनलाइन बुकिंग प्रणाली के माध्यम से पर्यटक वेबसाइट पर उपलब्ध सीटों की वास्तविक समय (Real-Time) जानकारी देख सकेंगे। यदि किसी स्लॉट में सीटें खाली होंगी, तो वे तुरंत ऑनलाइन टिकट बुक कर सीधे जू सफारी में प्रवेश कर सकेंगे। इससे टिकट लेने की प्रक्रिया पूरी तरह आसान, तेज और पारदर्शी हो जाएगी।

राजगीर जू सफारी के निदेशक राम सुन्दर एम ने बताया कि यह नई डिजिटल व्यवस्था पूरी तरह उपयोगकर्ता अनुकूल, कैशलेस और पारदर्शी है। इससे पर्यटकों को टिकटों की उपलब्धता की सटीक जानकारी तत्काल मिलेगी। लंबी प्रतीक्षा, अनिश्चितता और काउंटर पर भीड़ की समस्या काफी हद तक समाप्त होगी। उन्होंने कहा कि पर्यटक अब अपनी सुविधा के अनुसार यात्रा की बेहतर योजना बना सकेंगे और उनका समय भी बचेगा।

उन्होंने बताया कि इस पहल से न केवल पर्यटकों को आधुनिक और बेहतर सुविधा मिलेगी, बल्कि राजगीर पर्यटन को भी नई गति मिलेगी। खासकर सप्ताहांत, सरकारी अवकाश और त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में आने वाले पर्यटकों को इसका सबसे अधिक लाभ मिलेगा।

नई व्यवस्था की प्रमुख विशेषताएं

उसी दिन रियल-टाइम ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा।

उपलब्ध सीटों की वास्तविक समय (Real-Time) जानकारी।

पूरी तरह डिजिटल, कैशलेस और पारदर्शी टिकट प्रणाली।

लंबी कतारों से राहत और समय की बचत।

पर्यटकों के लिए अधिक सुविधाजनक एवं बेहतर यात्रा अनुभव।

जू सफारी प्रशासन ने सभी पर्यटकों से अपील की है कि वे रियल-टाइम ऑनलाइन टिकट बुकिंग सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करें और बिना किसी परेशानी के राजगीर जू सफारी की रोमांचक यात्रा का आनंद उठाएं। नई डिजिटल व्यवस्था से राजगीर आने वाले पर्यटकों का अनुभव पहले की तुलना में अधिक सरल, सुविधाजनक और यादगार बनने की उम्मीद है।

Leave a Comment