आर संतोष भारती
कतरीसराय (अपना नालंदा)। प्रखंड क्षेत्र के कई सरकारी विद्यालयों में हल्की बारिश के बाद जलजमाव की समस्या गंभीर रूप धारण कर लेती है। इसका सबसे अधिक असर छोटे-छोटे स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है, जिन्हें विद्यालय पहुंचने और वापस घर लौटने के दौरान पानी से होकर गुजरना पड़ता है। इससे जहां एक ओर बच्चों के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है, वहीं दूसरी ओर पठन-पाठन भी प्रभावित हो रहा है। ऐसी ही बदहाल स्थिति प्राथमिक विद्यालय कतरपुर की है, जहां थोड़ी सी वर्षा होते ही पूरा विद्यालय परिसर जलमग्न हो जाता है।
विद्यालय परिसर में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी लंबे समय तक जमा रहता है। हल्की बारिश में ही विद्यालय का मैदान तालाब जैसा दिखाई देने लगता है। अधिक वर्षा होने पर विद्यालय की जर्जर बाउंड्री वॉल में बने कई सुराखों से तेज धार के रूप में पानी परिसर के बीचों-बीच बहने लगता है। इससे बच्चों के फिसलने और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। जलजमाव के कारण कक्षाओं तक पहुंचना भी कठिन हो जाता है और शिक्षण कार्य बाधित होता है।
प्रधान शिक्षक धीरेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि बारिश के दिनों में बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर हमेशा चिंता बनी रहती है। गंदे पानी के कारण बच्चों में मौसमी बीमारियों के फैलने की संभावना भी बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि इस समस्या की जानकारी पूर्व में ही शिक्षा विभाग के अधिकारियों को दी जा चुकी है और विद्यालय परिसर में जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने का अनुरोध किया गया है।
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अमरजीत कुमार ने बताया कि प्रखंड के जिन विद्यालयों में जलजमाव, भवन मरम्मत एवं बाउंड्री वॉल से संबंधित समस्याएं हैं, उनकी सूची तैयार कर वरीय अधिकारियों को भेज दी गई है। विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है और स्वीकृति मिलने के बाद समस्याओं का समाधान कराया जाएगा।
स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों ने भी प्रशासन से मांग की है कि बच्चों के हित को देखते हुए प्राथमिक विद्यालय कतरपुर में जल निकासी की समुचित व्यवस्था, बाउंड्री वॉल की मरम्मत तथा परिसर के समतलीकरण का कार्य जल्द कराया जाए। उनका कहना है कि सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण में शिक्षा प्रत्येक बच्चे का अधिकार है। यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो बरसात के पूरे मौसम में बच्चों की पढ़ाई और स्वास्थ्य दोनों प्रभावित होते रहेंगे।
हल्की बारिश में ही तालाब बन जाता है प्राथमिक विद्यालय कतरपुर, जलजमाव से बच्चों की पढ़ाई और सुरक्षा पर संकट
Written by Sanjay Kumar
Published on:







