जनता दरबार में सुनी गईं लोगों की समस्याएं, एक आवेदन का मौके पर हुआ निष्पादन

Written by Sanjay Kumar

Published on:

सुधीर प्रसाद
बेन (अपना नालंदा)। बेन अंचल कार्यालय परिसर में शनिवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन अंचल प्रशासन को सौंपे। जनता दरबार की अध्यक्षता अंचलाधिकारी सौरभ कुमार ने की।
अंचलाधिकारी सौरभ कुमार ने बताया कि जनता दरबार के दौरान कुल चार आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से एक आवेदन का आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया, जिससे संबंधित आवेदक को तत्काल राहत मिली। वहीं शेष तीन आवेदनों पर नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी मामलों का निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान करना है, ताकि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए बार-बार कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े। भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, अतिक्रमण, प्रमाण-पत्र और राजस्व से जुड़े मामलों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है।
जनता दरबार में पहुंचे लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से आम नागरिकों को अपनी बात सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिलता है। इससे समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया तेज होती है, समय और धन की बचत होती है तथा प्रशासन और आम जनता के बीच विश्वास एवं पारदर्शिता भी मजबूत होती है।
अंचल प्रशासन ने लोगों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जनता दरबार का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपनी शिकायतें प्रस्तुत करें, ताकि उनका शीघ्र निष्पादन किया जा सके।

Leave a Comment