सुधीर प्रसाद
बेन (अपना नालंदा)। बेन प्रखंड अंतर्गत आंट पंचायत में पैक्स चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। नामांकन के अंतिम दिन अध्यक्ष एवं प्रबंध कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए प्रत्याशियों ने उत्साहपूर्वक अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। प्रखंड कार्यालय परिसर में दिनभर प्रत्याशियों, समर्थकों और आम लोगों की भीड़ लगी रही, जिससे पूरे क्षेत्र में चुनावी माहौल देखने को मिला।
पैक्स अध्यक्ष पद के लिए अभय रंजन कुमार एवं पूनम कुमारी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। दोनों प्रत्याशियों के मैदान में उतरने से चुनाव मुकाबला रोचक होने की संभावना जताई जा रही है। नामांकन के दौरान समर्थकों ने अपने-अपने प्रत्याशियों के पक्ष में उत्साह का प्रदर्शन किया।
वहीं, प्रबंध कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए विनय पासवान, सनोज पंडित, सुनैना देवी, संतोष कुमार, प्रियंका देवी, सुधीर प्रसाद, विपिन बिहारी चौधरी, धनंजय प्रसाद एवं मालो देवी ने नामांकन पत्र दाखिल किया।
नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं प्रशासनिक निगरानी में संपन्न हुई। प्रखंड कार्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ आवश्यक प्रशासनिक इंतजाम भी किए गए थे, ताकि प्रत्याशियों और उनके समर्थकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
नामांकन के अंतिम दिन प्रखंड कार्यालय के आसपास पूरे दिन चहल-पहल और गहमागहमी का माहौल बना रहा। अब नामांकन पत्रों की जांच एवं नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनावी तस्वीर और स्पष्ट होगी। स्थानीय लोगों की निगाहें अब आगामी मतदान पर टिकी हैं, जहां मतदाता अपने नए पैक्स अध्यक्ष और प्रबंध कार्यकारिणी सदस्यों का चयन करेंगे।
आंट पैक्स चुनाव: अध्यक्ष पद के लिए अभय रंजन और पूनम कुमारी आमने-सामने, नामांकन के अंतिम दिन रही गहमागहमी
Written by Sanjay Kumar
Published on:







